ठाणे के तलाव पाली में ‘प्रीति सैंडविच’ दुकान में लगी भीषण आग, मची अफरा-तफरी

इंद्र यादव/ठाणे। ठाणे पश्चिम के व्यस्त और प्रमुख इलाके तलाव पाली से एक बड़ी दुर्घटना की खबर सामने आई है। यहाँ चिंतामणि ज्वेलर्स के ठीक पास स्थित मशहूर ‘प्रीति सैंडविच’ की दुकान में मंगलवार शाम अचानक भीषण आग भड़क उठी। आग इतनी भयानक थी कि इलाके में तुरंत अफरा-तफरी और हड़कंप मच गया। जब यह हादसा हुआ, तब दुकान के भीतर मालिक, कुछ कर्मचारी और ग्राहक मौजूद थे। गनीमत यह रही कि आग की लपटें फैलते ही सभी ने तुरंत सूझबूझ दिखाई और अपनी जान बचाकर सुरक्षित बाहर निकल आए।हादसे की गंभीरता को देखते हुए स्थानीय प्रशासन और दमकल विभाग ने सुरक्षा के एहतियात के तौर पर ऊपर और आसपास की रिहायशी इमारत में रहने वाले सभी लोगों को तुरंत बाहर निकाल लिया, ताकि किसी भी तरह की अनहोनी से बचा जा सके।घटना की सूचना मिलते ही ठाणे महानगरपालिका का दमकल विभाग तुरंत हरकत में आया। मौके पर दमकल की चार गाड़ियां (फायर टेंडर) और बचाव दल के जवान फौरन पहुंचे। दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत और सूझबूझ के साथ आग पर पूरी तरह काबू पा लिया, जिससे यह आग आसपास की अन्य दुकानों और रिहायशी फ्लैटों तक नहीं फैल पाई।इस भयानक हादसे में गनीमत यह रही कि किसी के भी हताहत होने या गंभीर रूप से घायल होने की कोई सूचना नहीं है। हालांकि, दुकान का काफी सामान जलकर खाक हो गया है, जिससे भारी नुकसान का अनुमान लगाया जा रहा है। फिलहाल आग लगने के असली कारणों का आधिकारिक तौर पर खुलासा नहीं हो सका है। लेकिन शुरुआती जाँच और चश्मदीदों के बयानों के आधार पर अंदेशा जताया जा रहा है कि आग शॉर्ट सर्किट की वजह से लगी होगी। दमकल विभाग और स्थानीय पुलिस फिलहाल मामले की गहराई से छानबीन कर रहे हैं।इस तरह के हादसों से बचने के लिए व्यावसायिक प्रतिष्ठानों और दुकानों में समय-समय पर इलेक्ट्रिक वायरिंग की जाँच (इलेक्ट्रिक ऑडिट) कराना बेहद जरूरी है।
