Saturday, February 7, 2026
Google search engine
HomeCrimeठाणे में 27 करोड़ की एमडी ड्रग्स तस्करी का भंडाफोड़, पांच आरोपी...

ठाणे में 27 करोड़ की एमडी ड्रग्स तस्करी का भंडाफोड़, पांच आरोपी गिरफ्तार

ठाणे। मुंब्रा पुलिस ने अंतरराज्यीय ड्रग्स तस्करी के एक बड़े नेटवर्क का पर्दाफाश करते हुए मध्य प्रदेश से ठाणे लायी गई 13 किलो 629 ग्राम एमडी ड्रग्स जब्त की है। इस कार्रवाई में तस्करी गिरोह के पांच सदस्यों को गिरफ्तार किया गया है। जब्त की गई एमडी ड्रग्स की कुल कीमत 27 करोड़ 21 लाख 77 हजार 750 रुपये बताई गई है। यह जानकारी जोन वन के पुलिस उपायुक्त सुभाष बुरसे ने दी। पुलिस के अनुसार, कुछ दिन पहले मुंब्रा पुलिस टीम को गुप्त सूचना मिली थी कि बाहर से एक ड्रग्स गिरोह मुंब्रा इलाके में एमडी ड्रग्स की सप्लाई करने आने वाला है। सूचना के आधार पर पुलिस ने मुंब्रा क्षेत्र में बिलाल हॉस्पिटल के पास जाल बिछाया। इस दौरान मुंब्रा निवासी बासु उमरद्दीन सैयद को गिरफ्तार किया गया, जिसके पास से 23.5 ग्राम एमडी ड्रग्स बरामद हुई। आरोपी को अदालत से पुलिस हिरासत में लेकर जब गहन पूछताछ की गई, तो खुलासा हुआ कि यह ड्रग्स मध्य प्रदेश से ठाणे लाकर बेची जा रही थी। इस खुलासे के बाद मुंब्रा पुलिस ने मध्य प्रदेश निवासी रामसिंह अमरसिंह गुर्जर (40) और कैलाश शंभूलाल बलाई (36) को गिरफ्तार किया। इन दोनों के पास से 3 किलो 515 ग्राम एमडी ड्रग्स बरामद की गई, जिसकी कीमत करीब 7 करोड़ 30 लाख 57 हजार रुपये बताई गई है। पूछताछ में दोनों ने स्वीकार किया कि वे यह ड्रग्स मध्य प्रदेश के रतलाम जिले से लाए थे। इसके बाद मुंब्रा पुलिस की एक विशेष टीम रतलाम पहुंची और स्थानीय पुलिस की मदद से दो और ड्रग पेडलरों मनोहर लाल रंगलाल गुर्जर और राजू उर्फ रियाज मोहम्मद सुल्तान मोहम्मद मंसूरी को गिरफ्तार किया गया। इनके कब्जे से 9 किलो 956 ग्राम एमडी ड्रग्स बरामद की गई, जिसकी कीमत लगभग 19 करोड़ 91 लाख रुपये आंकी गई है। इस तरह पुलिस ने कुल पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर 13 किलो 629 ग्राम एमडी ड्रग्स जब्त की है। मुंब्रा पुलिस स्टेशन में इस मामले में केस दर्ज किया गया है। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार सभी आरोपी आदतन अपराधी हैं और इनके खिलाफ पहले भी हत्या और ड्रग्स तस्करी जैसे गंभीर मामलों में केस दर्ज हैं। पुलिस अब इस पूरे नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश में आगे की जांच कर रही है।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments