फुटपाथ पर सो रहे गरीब पिता की गोद से छिनी 4 माह की मासूम, 10 घंटे बाद मिली तो छलक पड़े आंसू
चितळसर पुलिस की पांच टीमों ने चलाया तलाशी अभियान, कळवा के सायबा नगर से बच्ची सकुशल बरामद

इंद्र यादव /ठाणे। ऊंची इमारतों, चमचमाती सड़कों और आलीशान मॉल के लिए पहचाने जाने वाले ठाणे शहर से एक ऐसी घटना सामने आई है, जिसने शहरी विकास के दावों के बीच गरीब और बेघर परिवारों की सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। माजिवाडा ब्रिज के पास फुटपाथ पर अपनी चार महीने की बेटी के साथ सो रहे एक गरीब पिता की गोद से मासूम बच्ची को कोई अज्ञात व्यक्ति उठा ले गया। हालांकि, चितळसर पुलिस की तत्परता से करीब 10 घंटे के भीतर बच्ची को सकुशल बरामद कर लिया गया और परिवार को सौंप दिया गया। पुलिस की इस कार्रवाई से एक परिवार की खुशियां लौट आईं, लेकिन घटना ने यह सवाल भी खड़ा कर दिया कि आखिर ठाणे जैसे महानगर में एक मेहनतकश पिता को अपनी मासूम बेटी के साथ फुटपाथ पर रात गुजारने के लिए क्यों मजबूर होना पड़ रहा है?
सुबह आंख खुली तो गोद से गायब थी चार महीने की बेटी
घटना 7 नवंबर की सुबह की है। राजस्थान के उदयपुर निवासी 27 वर्षीय छोगालाल मांगीलाल वागरिया रोजी-रोटी की तलाश में ठाणे आया था। वह झाड़ू बेचकर अपने परिवार का गुजारा करता है। माजिवाडा ब्रिज के पास पेट्रोल पंप के नजदीक वह अपनी चार महीने की बेटी के साथ फुटपाथ पर सो रहा था। बताया जाता है कि सुबह करीब 5 से 7 बजे के बीच किसी अज्ञात व्यक्ति ने उसकी बच्ची को वहां से उठा लिया। जब पिता की नींद खुली तो बच्ची उसके पास नहीं थी। उसने आसपास तलाश की, लोगों से पूछताछ की और फिर बदहवास हालत में चितळसर पुलिस स्टेशन पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई।
पांच पुलिस टीमों ने संभाला मोर्चा, 10 घंटे में मिली सफलता
मामले की गंभीरता को देखते हुए चितळसर पुलिस ने तत्काल अपराध क्रमांक 465/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 363(2) में मामला दर्ज किया। वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक सुनील वरुडे ने घटना की जानकारी सहायक पुलिस आयुक्त ममता डिसोजा और पुलिस उपायुक्त प्रशांत कदम को दी। पुलिस उपायुक्त के निर्देश पर परिमंडल-5 की पांच अलग-अलग टीमें गठित की गईं। पुलिस ने कपूरवाड़ी, ठाणे रेलवे स्टेशन, कळवा और आसपास के इलाकों में तलाशी अभियान शुरू किया। संभावित स्थानों पर जांच-पड़ताल करते हुए बच्ची की तलाश तेज कर दी गई। आखिरकार पुलिस को कळवा के सायबा नगर में सफलता मिली। सार्वजनिक शौचालय के पास रहने वाली 52 वर्षीय कमल दत्तू मोरे के पास से बच्ची को बरामद किया गया। पुलिस के अनुसार, संबंधित महिला भंगार बेचने का काम करती है। बच्ची को सकुशल बरामद कर उसी दिन उसकी मां के सुपुर्द कर दिया गया।
पुलिस की तत्परता सराहनीय, लेकिन व्यवस्था से भी जवाब जरूरी
इस मामले में चितळसर पुलिस की त्वरित कार्रवाई सराहनीय है। शिकायत मिलते ही मामला दर्ज करना, पांच टीमों का गठन करना और कुछ ही घंटों में मासूम को खोज निकालना पुलिस की सक्रियता को दर्शाता है। पुलिस आयुक्त आशुतोष डुंबरे, अतिरिक्त पुलिस आयुक्त ज्ञानेश्वर चव्हाण, पुलिस उपायुक्त प्रशांत कदम तथा संबंधित अधिकारियों के नेतृत्व में की गई कार्रवाई से बच्ची सुरक्षित परिवार तक पहुंच सकी। लेकिन इस घटना को केवल पुलिस की सफलता तक सीमित करके नहीं देखा जा सकता। एक बड़ा सवाल यह भी है कि आखिर एक मेहनतकश पिता को अपनी चार महीने की बच्ची के साथ फुटपाथ पर रात बिताने की नौबत क्यों आई? क्या ठाणे में ऐसे जरूरतमंद और प्रवासी परिवारों के लिए पर्याप्त सुरक्षित रैन बसेरे उपलब्ध हैं? खुले आसमान के नीचे सोने वाले बच्चों की सुरक्षा की जिम्मेदारी कौन उठाएगा?
