परिसीमन विधेयक से उत्तर प्रदेश में बढ़ेंगी विधानसभा सीटें, 500 से बढ़कर 650 तक हो सकती है संख्या : अमित शाह

महिला आरक्षण लागू करने के लिए संविधान संशोधन विधेयक लाने की तैयारी, लोकसभा और विधानसभाओं में महिलाओं को मिलेगा 33 प्रतिशत आरक्षण

नई दिल्ली। केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने शनिवार को परिसीमन और महिला आरक्षण को लेकर केंद्र सरकार का पक्ष रखा। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में सरकार महिला आरक्षण को लागू करने के लिए परिसीमन विधेयक भी ला रही है। इसे लोकसभा और राज्यसभा से पारित कराने के लिए संसद का विशेष सत्र बुलाया गया है। शाह के मुताबिक, प्रस्तावित परिसीमन विधेयक पारित होने के बाद उत्तर प्रदेश सहित देश के राज्यों में जनप्रतिनिधियों की संख्या बढ़ाने का रास्ता खुलेगा। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश विधानसभा में सीटों की अधिकतम सीमा मौजूदा 500 से बढ़ाकर लगभग 650 करने का प्रस्ताव है। इससे उत्तर प्रदेश अविभाजित रहते हुए विधानसभा में अपना प्रतिनिधित्व बढ़ा सकेगा। अमित शाह ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर पोस्ट कर बताया कि केंद्रीय मंत्रिमंडल ने 132वें संविधान संशोधन विधेयक को मंजूरी दी है। उनके अनुसार, इसमें संविधान के अनुच्छेद 170(1) में संशोधन कर राज्य विधानसभाओं की सीटों की अधिकतम सीमा 500 से बढ़ाकर लगभग 650 करने का प्रस्ताव है। उन्होंने कहा कि अधिक जनप्रतिनिधि अपने क्षेत्रों की प्राथमिकताएं सदन में रख सकेंगे। इससे स्थानीय जरूरतों के अनुसार योजनाएं बनाने और विकास को गति देने में मदद मिलेगी। शाह ने उत्तर प्रदेश के सभी राजनीतिक दलों से इस विधेयक का स्वागत और समर्थन करने की अपील की। शाह ने महिला आरक्षण को लेकर कहा कि नारी शक्ति को जनप्रतिनिधित्व में मजबूत भागीदारी दिलाना केंद्र सरकार का संकल्प है। नारी शक्ति वंदन अधिनियम के तहत लोकसभा और विधानसभाओं में महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण देने का प्रावधान अब लागू होने की दिशा में आगे बढ़ेगा। उन्होंने कहा कि विधानसभाओं में महिलाओं की कम से कम एक-तिहाई भागीदारी से राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों की योजनाएं अधिक समावेशी बनेंगी। वहीं, लोकसभा में महिलाओं की भागीदारी बढ़ने से नीति निर्माण, कानून निर्माण और राष्ट्रीय प्राथमिकताओं के निर्धारण में नया आयाम जुड़ेगा। केंद्रीय गृहमंत्री ने सभी राजनीतिक दलों से इस पहल का समर्थन करने की अपील की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *