जगजीवन राम अस्पताल ने रचा इतिहास: दुर्लभ बीमारी से पीड़ित मरीज को लगाया लीडलेस पेसमेकर

भारत में अपनी तरह का पहला सफल मामला, डेक्स्ट्रोकार्डिया और साइटस इनवर्सस से पीड़ित 43 वर्षीय मरीज का हुआ आधुनिक तकनीक से इलाज

मुंबई। पश्चिम रेलवे के मुंबई सेंट्रल स्थित जगजीवन राम अस्पताल (जेआरएच) ने हृदय चिकित्सा के क्षेत्र में ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल की है। अस्पताल के हृदय रोग विशेषज्ञों ने ‘हाइपरट्रॉफिक कार्डियोमायोपैथी’ और ‘डेक्स्ट्रोकार्डिया विद साइटस इनवर्सस’ जैसी दुर्लभ बीमारियों से पीड़ित 43 वर्षीय मरीज को सफलतापूर्वक लीडलेस पेसमेकर लगाया है। भारत में इस तरह का यह पहला सफल इलाज है और दुनिया में भी ऐसे गिने-चुने मामले सामने आए हैं। शनिवार को पश्चिम रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी अरुण कुमार मीणा द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, मरीज को मध्य रेलवे से रेफर किया गया था। उसे जन्म से ही ऐसी दुर्लभ स्थिति थी, जिसमें हृदय और शरीर के अन्य अंदरूनी अंग सामान्य स्थिति के बजाय उल्टी दिशा में होते हैं। पिछले दो वर्षों में बार-बार स्वास्थ्य संबंधी जटिलताएं आने के कारण मरीज के हृदय में कई बार उपकरण लगाए और बदले गए। जगजीवन राम अस्पताल में भी पहले पेसमेकर लगाने का प्रयास किया गया था, लेकिन जटिलताओं के चलते एक महीने के भीतर ही उसे निकालना पड़ा। इसके बाद मरीज को अस्थायी पेसमेकर के सहारे रखा गया।मरीज की नाजुक स्थिति, बार-बार सामने आ रही जटिलताओं और नसों के रास्ते सामान्य पेसमेकर लगाने का सुरक्षित विकल्प उपलब्ध न होने के कारण विशेषज्ञों की टीम ने आधुनिक तकनीक अपनाने का निर्णय लिया। टीम ने शरीर की उल्टी बनावट से जुड़ी तकनीकी चुनौतियों को पार करते हुए बिना तार वाला ‘लीडलेस पेसमेकर’ (MICRA AV1) सफलतापूर्वक प्रत्यारोपित किया। इस जटिल प्रक्रिया को अंजाम देने वाली टीम में डॉ. शिशिर कुमार राउल, डॉ. अविनाश अर्के और डॉ. टी. एन. श्रीकांत शामिल थे। दिल्ली के इंद्रप्रस्थ अपोलो अस्पताल की वरिष्ठ इलेक्ट्रोफिजियोलॉजिस्ट एवं इंडियन हार्ट रिदम सोसाइटी की अध्यक्ष डॉ. वनिता अरोड़ा ने इस दौरान टीम का मार्गदर्शन किया। इस सफलता को अस्पताल के विशेषज्ञों की चिकित्सा दक्षता और आधुनिक सुविधाओं की उपलब्धि माना जा रहा है। यह पश्चिम रेलवे की अपने लाभार्थियों को बेहतर और आधुनिक स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने की प्रतिबद्धता को भी दर्शाती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *