मुंबई की 113 सहकारी हाउसिंग सोसायटियों को मिला वर्ग-1 का दर्जा, 6,250 परिवारों को मिलेगा मालिकाना हक
मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के हाथों रूपांतरण आदेश वितरित, 62 एकड़ की बस्ती के करीब 25 हजार निवासियों को लाभ; पुनर्विकास का रास्ता होगा साफ

मुंबई। मुंबई में सरकारी जमीन पर बनी सहकारी आवासीय सोसायटियों के निवासियों को मालिकाना हक देने की दिशा में राज्य सरकार ने बड़ा कदम उठाया है। शुक्रवार को मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने बांद्रा स्थित उत्तर भारतीय संघ सभागृह में आयोजित कार्यक्रम में नागरी निवारा परिषद के अंतर्गत आने वाली सहकारी हाउसिंग सोसायटियों को भोगवटादार वर्ग-1 में रूपांतरण के आदेश वितरित किए। इस निर्णय से करीब 62 एकड़ क्षेत्र में फैली 113 सहकारी हाउसिंग सोसायटियों की 6,250 सदनिकाओं और लगभग 25 हजार निवासियों को लाभ मिलेगा। इससे निवासियों को मालिकाना हक मिलने के साथ सोसायटियों के पुनर्विकास का रास्ता भी खुल सकेगा। मुख्यमंत्री फडणवीस ने कहा कि राज्य सरकार ने मुंबई की सरकारी जमीन पर स्थित पात्र सहकारी हाउसिंग सोसायटियों को वार्षिक बाजार मूल्य दरपत्रक (रेडी रेकनर) के केवल पांच प्रतिशत प्रीमियम पर भोगवटादार वर्ग-1 का दर्जा देने का निर्णय लिया है। इससे सोसायटियों के पुनर्विकास और स्वयं-पुनर्विकास की प्रक्रिया को गति मिलेगी तथा निवासियों को उनके घरों पर कानूनी मालिकाना हक प्राप्त करने में मदद मिलेगी। उन्होंने राजस्व विभाग को निर्देश दिया कि मुंबई की अन्य पात्र हाउसिंग सोसायटियों तक भी इस योजना का लाभ पहुंचाने के लिए विशेष अभियान चलाया जाए और अलग-अलग क्षेत्रों में शिविर आयोजित किए जाएं।
अलग प्रॉपर्टी कार्ड से मालिकाना हक होगा स्पष्ट
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रत्येक फ्लैटधारक को अलग संपत्ति पत्रक (प्रॉपर्टी कार्ड) देने के निर्णय से मालिकाना हक अधिक स्पष्ट होगा और संपत्ति के लेन-देन में होने वाली अनियमितताओं पर अंकुश लगाने में मदद मिलेगी। सरकार की ओर से स्वयं-पुनर्विकास के लिए दी गई रियायतों के कारण मुंबई में करीब 1,600 प्रस्ताव आगे आए हैं। उन्होंने कहा कि आम नागरिकों को अपना घर और बेहतर जीवन स्तर उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है।
मानखुर्द की 14 एकड़ जमीन चित्रनगरी को हस्तांतरित
कार्यक्रम के दौरान मानखुर्द में अतिक्रमण से मुक्त कराई गई 14 एकड़ सरकारी जमीन चित्रनगरी के विकास के लिए सांस्कृतिक कार्य विभाग को हस्तांतरित की गई। बताया गया कि मुंबई उपनगर जिले में विशेष अभियान के तहत अब तक करीब 60 एकड़ सरकारी जमीन को अतिक्रमण से मुक्त कराया गया है।
‘सक्षम’ अभियान से युवाओं को रोजगार के अवसर
मुख्यमंत्री ने ‘सक्षम’ कौशल विकास अभियान की उपलब्धियों की भी सराहना की। अभियान के तहत अब तक 31,569 युवाओं को करियर मार्गदर्शन दिया गया है। इनमें से 3,449 युवाओं को रोजगार के अवसरों से जोड़ा गया, जबकि 1,128 युवाओं को प्रत्यक्ष रूप से नौकरी मिली है। राजस्व मंत्री चंद्रशेखर बावनकुले ने कहा कि नागरिकों को कानूनी मालिकाना हक, पुनर्विकास के अवसर और रोजगार सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए सरकार के विभिन्न विभाग समन्वय के साथ काम कर रहे हैं। सांस्कृतिक कार्य मंत्री एडवोकेट आशीष शेलार ने नागरी निवारा परिषद की हाउसिंग सोसायटियों को वर्ग-1 का दर्जा दिए जाने को महत्वपूर्ण निर्णय बताया। उन्होंने जानकारी दी कि ‘सक्षम’ कौशल अभियान के तहत बांद्रा-सांताक्रूज क्षेत्र में 31 हजार नागरिकों का सर्वेक्षण किया गया और करीब 3,500 युवाओं को रोजगार के अवसरों से जोड़ने की पहल की गई। कार्यक्रम में कौशल विकास मंत्री एवं मुंबई उपनगर जिले के सह-पालकमंत्री मंगलप्रभात लोढ़ा, सांसद रवींद्र वायकर, विधायक प्रवीण दरेकर, सुनील प्रभु, मुरजी पटेल, कोंकण विभागीय आयुक्त रुबल अग्रवाल, मुंबई उपनगर जिलाधिकारी सौरभ कटियार तथा नागरी निवारा परिषद की हाउसिंग सोसायटियों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
