केंद्र के पास लंबित प्रस्तावों की निगरानी के लिए महाराष्ट्र ने शुरू किया ऑनलाइन पोर्टल

‘कॉरेस्पॉन्डन्स मॉनिटरिंग सिस्टम’ से प्रस्तावों की स्थिति और कार्रवाई की जानकारी एक क्लिक पर मिलेगी; ऐसी प्रणाली विकसित करने वाला महाराष्ट्र देश का पहला राज्य

मुंबई। महाराष्ट्र सरकार के विभिन्न विभागों के केंद्र सरकार के मंत्रालयों के पास लंबित प्रस्तावों का समयबद्ध निपटारा कराने के लिए मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने ‘कॉरेस्पॉन्डन्स मॉनिटरिंग सिस्टम’ ऑनलाइन पोर्टल का उद्घाटन किया। शुक्रवार को सह्याद्री अतिथिगृह में आयोजित कार्यक्रम में उपमुख्यमंत्री सुनेत्रा पवार, मंत्री आशीष शेलार, मंत्री पंकजा मुंडे और मुख्य सचिव राजेश अग्रवाल सहित वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। राज्य के सभी जिलाधिकारी और आयुक्त भी ऑनलाइन माध्यम से कार्यक्रम में शामिल हुए। यह प्रणाली विकसित करने वाला महाराष्ट्र देश का पहला राज्य बन गया है। निवासी आयुक्त (निवेश) कार्यालय, नई दिल्ली और महाआईटी के संयुक्त प्रयास से तैयार इस पोर्टल के जरिए केंद्र सरकार को भेजे गए प्रस्तावों की ऑनलाइन निगरानी और प्रभावी फॉलोअप किया जा सकेगा। पोर्टल पर प्रस्तावों की वर्तमान स्थिति, संबंधित मंत्रालयों की टिप्पणियां, अतिरिक्त दस्तावेजों की मांग, पाई गई कमियां और उन पर की गई कार्रवाई की जानकारी एक ही डिजिटल मंच पर उपलब्ध होगी। राज्य सरकार के विभाग अपने प्रस्तावों की प्रतियां पोर्टल पर अपलोड कर सकेंगे, जिसके बाद निवासी आयुक्त कार्यालय को स्वचालित सूचना मिल जाएगी। इससे संबंधित मंत्रालयों के साथ समन्वय और जरूरी दस्तावेजों की पूर्ति में तेजी आएगी। पोर्टल के डैशबोर्ड पर मंत्रालय और विभाग के अनुसार लंबित प्रस्तावों की संख्या, उनके लंबित रहने की अवधि तथा अब तक हुई कार्रवाई का विवरण एक क्लिक पर देखा जा सकेगा। इससे मुख्यमंत्री कार्यालय, विभाग प्रमुखों और सचिवों को प्रस्तावों में आ रही बाधाओं की समय रहते पहचान कर निर्णय प्रक्रिया तेज करने में मदद मिलेगी। मुख्यमंत्री फडणवीस ने इस डिजिटल पहल की सराहना करते हुए इसकी संकल्पना के लिए निवासी आयुक्त (निवेश) सुशील गायकवाड और पोर्टल विकसित करने वाली महाआईटी की टीम को बधाई दी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *