हरित इमारतों की अवधारणा समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे: राज्यपाल जिष्णु देव वर्मा

ग्रीन बिल्डिंग कांग्रेस-2026 में बोले राज्यपाल, महाराष्ट्र में 4,800 से अधिक हरित भवन परियोजनाएं

मुंबई। राज्यपाल जिष्णु देव वर्मा ने कहा कि सतत विकास का अर्थ केवल पर्यावरण संरक्षण नहीं, बल्कि समाज के हर वर्ग का जीवनस्तर बेहतर बनाना है। प्रत्येक नागरिक को स्वच्छ हवा, शुद्ध पानी और सुरक्षित व आरामदायक आवास उपलब्ध होना चाहिए। विकास आर्थिक प्रगति के साथ समानता, सामाजिक न्याय और पर्यावरण संरक्षण पर आधारित होना जरूरी है। इसलिए हरित इमारतों की अवधारणा समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचनी चाहिए। वे गुरुवार को मुंबई के जियो वर्ल्ड कन्वेंशन सेंटर में भारतीय उद्योग महासंघ (सीआईआई) और इंडियन ग्रीन बिल्डिंग काउंसिल (आईजीबीसी) की ओर से आयोजित ‘ग्रीन बिल्डिंग कांग्रेस-2026’ के विशेष सत्र को संबोधित कर रहे थे। राज्यपाल ने कहा कि भारत को 2047 तक विकसित राष्ट्र बनाने और 2070 तक शुद्ध शून्य उत्सर्जन का लक्ष्य हासिल करने के लिए सतत विकास को प्राथमिकता देना आवश्यक है। मुंबई, पुणे, नागपुर और नासिक जैसे तेजी से बढ़ते शहरों की योजना भविष्य की पीढ़ियों की जरूरतों को ध्यान में रखकर बनाई जानी चाहिए। महाराष्ट्र सरकार आईजीबीसी प्रमाणित हरित इमारतों के लिए अतिरिक्त एफएसआई जैसे प्रोत्साहन दे रही है। हरित निर्माण की पहल बड़े शहरों के साथ छोटे और मध्यम शहरों तक भी पहुंचनी चाहिए। उन्होंने उद्योग जगत, वास्तुकारों और विकासकों से इस दिशा में मिलकर काम करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि हरित इमारतों के निर्माण में शुरुआती खर्च अधिक हो सकता है, लेकिन ऊर्जा की दीर्घकालीन बचत से इसकी भरपाई संभव है। कचरे से उपयोगी संसाधन तैयार करने और पानी के पुनः उपयोग पर भी जोर दिया जाना चाहिए। नारेडको के अध्यक्ष डॉ. निरंजन हिरानंदानी ने बताया कि हरित इमारतों के निर्माण में सामान्य इमारतों की तुलना में शुरुआत में 10 से 12 प्रतिशत अधिक खर्च आता है, लेकिन ऊर्जा बचत के कारण यह अतिरिक्त लागत चार वर्षों में पूरी हो सकती है। आईजीबीसी के राष्ट्रीय अध्यक्ष सी. शेखर रेड्डी ने बताया कि देश में 20,800 से अधिक हरित भवन परियोजनाएं पंजीकृत हैं और इनका कुल निर्माण क्षेत्र 16.5 अरब वर्ग फुट से अधिक है। इसमें महाराष्ट्र देश में पहले स्थान पर है। राज्य में 4,800 से अधिक परियोजनाएं और करीब 5 अरब वर्ग फुट हरित निर्माण क्षेत्र है। कार्यक्रम में सूचना प्रौद्योगिकी और अन्य क्षेत्रों से जुड़े प्रतिनिधि उपस्थित रहे। इस अवसर पर राज्यपाल के हाथों कॉफी टेबल बुक का विमोचन भी किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *