महाराष्ट्र में सूखा प्रभावित किसानों को मिलेंगी 1 लाख ऑटो रिक्शा, पांच साल में लागू होगी योजना

परिवहन मंत्री प्रताप सरनाईक का ऐलान, वाहन की कीमत का 10 प्रतिशत अनुदान और 90 प्रतिशत बैंक ऋण, पहले वर्ष 20 हजार किसानों को मिलेगा लाभ

मुंबई। सूखा, अनियमित बारिश, फसलों के कम बाजार भाव और बढ़ती उत्पादन लागत से आर्थिक संकट झेल रहे किसान परिवारों को आत्मनिर्भर बनाने के लिए महाराष्ट्र सरकार ने नई योजना की घोषणा की है। गुरुवार को परिवहन मंत्री प्रताप सरनाईक ने बताया कि वर्ष 2027 से 2031 के बीच ‘अनाथों का नाथ दुष्कालग्रस्त शेतकरी रिक्षा सम्मान योजना’ के तहत राज्य में एक लाख यात्री ऑटो रिक्शा वितरित किए जाएंगे। योजना का उद्देश्य किसानों को खेती के साथ स्वरोजगार का वैकल्पिक साधन उपलब्ध कराना है। मंत्री ने बताया कि उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे के जन्मदिन 9 फरवरी 2027 को पात्र किसानों को रिक्शा की चाबियां सौंपी जाएंगी। मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के मार्गदर्शन और उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे तथा सुनेत्रा अजित पवार के सहयोग से परिवहन विभाग और धर्मवीर आनंद दिघे साहेब महाराष्ट्र प्रवासी परिवहन चालक कल्याणकारी मंडल के माध्यम से यह योजना लागू की जाएगी। इसका लाभ सूखाग्रस्त तालुकों के अल्प और अत्यल्प भूधारक किसान परिवारों को मिलेगा। योजना के तहत ऑटो रिक्शा की कुल कीमत का 10 प्रतिशत हिस्सा कल्याणकारी मंडल अनुदान के रूप में देगा, जबकि शेष 90 प्रतिशत राशि राष्ट्रीयकृत, अनुसूचित बैंकों या अन्य वित्तीय संस्थानों से ऋण के रूप में उपलब्ध कराई जाएगी। पहले वर्ष में सरकार द्वारा सूखाग्रस्त घोषित 310 तालुकों अथवा भविष्य में इस सूची में शामिल होने वाले क्षेत्रों के 20 हजार पात्र किसानों को लाभ देने का लक्ष्य रखा गया है। प्रत्येक तालुका में औसतन 60 रिक्शा वितरित करने की योजना है। किसी तालुका में पात्र आवेदक कम होने पर बची हुई रिक्शाएं उसी जिले के अन्य तालुकों के पात्र किसानों को दी जाएंगी। लाभार्थियों का चयन कल्याणकारी मंडल द्वारा विज्ञापन जारी कर आवेदन मंगाने, दस्तावेजों की जांच और कंप्यूटर आधारित लॉटरी के माध्यम से किया जाएगा। चयनित आवेदकों के प्रस्ताव बैंक में भेजे जाएंगे। बैंक से 90 प्रतिशत ऋण मंजूर होने के बाद मंडल 10 प्रतिशत अनुदान उपलब्ध कराएगा और वाहन की पूरी राशि सीधे अधिकृत विक्रेता को दी जाएगी। योजना का लाभ लेने के लिए आवेदक सूखाग्रस्त क्षेत्र का अल्प या अत्यल्प भूधारक किसान अथवा उसके परिवार का पात्र सदस्य होना चाहिए। परिवार के नाम पर कृषि भूमि का प्रमाण, वैध ड्राइविंग लाइसेंस अथवा उसे प्राप्त करने की पात्रता और बैंक की ऋण संबंधी शर्तें पूरी करना जरूरी होगा। साथ ही आवेदक ने पहले इसी प्रकार की किसी सरकारी योजना का लाभ नहीं लिया होना चाहिए। मंत्री सरनाईक के अनुसार, इस योजना का उद्देश्य केवल वाहन वितरित करना नहीं, बल्कि किसान परिवारों को नियमित आय का वैकल्पिक साधन देकर आर्थिक रूप से मजबूत बनाना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *