नवी मुंबई में बम की धमकियों से हड़कंप: मनपा मुख्यालय सहित चार स्थानों पर ईमेल से मिली सूचना
संविधान दिवस और 26/11 आतंकी हमले की बरसी पर मचा अफरा-तफरी का माहौल, तीन घंटे तक चली तलाशी में कुछ भी संदिग्ध नहीं मिला

नवी मुंबई। संविधान दिवस और 26/11 मुंबई आतंकी हमले की बरसी के दिन गुरुवार को नवी मुंबई में ईमेल के जरिए बम रखे होने की कई झूठी धमकियां मिलने से हड़कंप मच गया। धमकी वाले ईमेल में नवी मुंबई महानगरपालिका (एनएमएमसी) मुख्यालय, सीबीडी बेलापुर कोर्ट और नेरुल व वाशी स्थित मनपा अस्पतालों को निशाना बनाया गया था। सूचना मिलते ही संबंधित स्थानों पर सुरक्षा एजेंसियों ने तलाशी अभियान चलाया। हालांकि, किसी भी स्थान से बम या कोई संदिग्ध वस्तु बरामद नहीं हुई।
मनपा मुख्यालय कराया गया खाली
एनएमएमसी मुख्यालय में बम रखे होने का दावा करने वाला ईमेल मिलने के बाद प्रशासन ने तत्काल पूरी इमारत खाली करा दी। अतिरिक्त नगर आयुक्त सुनील पवार ने महापौर, नगर आयुक्त, पुलिस आयुक्त और पुलिस अधिकारियों को इसकी जानकारी दी। पुलिस की मानक संचालन प्रक्रिया (एसओपी) के तहत कुछ ही मिनटों में मुख्यालय को खाली करा लिया गया। पब्लिक एड्रेस सिस्टम के माध्यम से जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, कर्मचारियों और वहां मौजूद नागरिकों को तुरंत परिसर से बाहर जाने की घोषणा की गई।निकासी अभियान की निगरानी अतिरिक्त आयुक्त सुनील पवार, आपदा प्रबंधन विभाग की उपायुक्त स्मिता काले और नगर अभियंता शिरीष अराडवाड ने की। महापौर सुजाता पाटिल भी मौके पर मौजूद रहीं। इसके बाद नवी मुंबई पुलिस आयुक्तालय के बम निरोधक दस्ते (बीडीडीएस) ने इमारत की सघन तलाशी शुरू की। अभियान के लिए पुलिसकर्मियों, मनपा सुरक्षा गार्डों, आपदा प्रबंधन कर्मचारियों और इंजीनियरों की चार टीमें तैनात की गईं। करीब तीन घंटे तक चले तलाशी अभियान में बेसमेंट पार्किंग से लेकर ग्राउंड फ्लोर और सातवीं मंजिल तक हर हिस्से की जांच की गई। बम निरोधक दस्ते के साथ आए ‘जैक’ नामक स्निफर डॉग ने भी तलाशी में मदद की। हालांकि, कहीं भी कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली। इस अभियान का नेतृत्व पुलिस निरीक्षक अश्विनी कुसुरकर ने किया। उनके साथ सहायक पुलिस निरीक्षक नवाले और उनकी टीम मौजूद थी। एनआरआई पुलिस स्टेशन के वरिष्ठ निरीक्षक संजय लाड और उनके कर्मचारियों ने भी अभियान में सहयोग किया।
ईमेल भेजने वाले की तलाश करेगी पुलिस
सहायक पुलिस आयुक्त संदेश नाइक ने बताया कि इन सभी मामलों में नॉन-कॉग्निजेबल (एनसी) शिकायत दर्ज की जाएगी। उन्होंने कहा कि अदालत से अनुमति मिलने के बाद ईमेल की विस्तृत जांच कर धमकी देने वाले व्यक्ति का पता लगाने का प्रयास किया जाएगा। यदि जांच में राष्ट्रीय सुरक्षा के लिए खतरा पैदा करने का इरादा सामने आता है, तो संबंधित कानूनी धाराओं के तहत कार्रवाई की जाएगी। वहीं, यदि धमकी मजाक में दी गई पाई जाती है, तो भी संबंधित व्यक्ति के खिलाफ उचित निवारक कार्रवाई की जाएगी। इस बीच, एनएमएमसी प्रशासन पुलिस के साथ मिलकर मुख्यालय की सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने में जुटा है। मनपा के सुरक्षा एवं आपातकालीन प्रबंधन विभाग ने आधिकारिक कार्यों के लिए मुख्यालय आने वाले नागरिकों से वैध पहचान पत्र साथ लाने की अपील की है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि शुक्रवार, 27 नवंबर को एनएमएमसी मुख्यालय में कामकाज सामान्य रूप से जारी रहेगा।
