उन्नाव में प्रभारी मंत्री रजनी तिवारी ने विकास कार्यों और कानून व्यवस्था की समीक्षा की

पात्रों को आवास, किसानों को पर्याप्त खाद और अधूरी परियोजनाओं को समय से पूरा करने के निर्देश, साइबर ठगी पर रोक लगाने को कहा

उन्नाव, उत्तर प्रदेश। उत्तर प्रदेश सरकार की उच्च शिक्षा राज्यमंत्री एवं जनपद की प्रभारी मंत्री रजनी तिवारी की अध्यक्षता में गुरुवार को विकास भवन सभागार में विकास कार्यों और कानून व्यवस्था की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिलाधिकारी घनश्याम मीना सहित संबंधित विभागों के अधिकारी और जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। बैठक से पहले प्रभारी मंत्री ने संविधान दिवस के अवसर पर बाबा साहब डॉ. भीमराव आंबेडकर की प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं पुष्प अर्पित कर उन्हें नमन किया। समीक्षा बैठक में प्रधानमंत्री एवं मुख्यमंत्री आवास योजना, सड़कों के मरम्मतीकरण और नवीनीकरण, खाद वितरण, निर्माणाधीन परियोजनाओं, बिजली, राशन कार्ड और हर घर जल योजना सहित विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों की समीक्षा की गई।
प्रभारी मंत्री ने आवास योजनाओं की समीक्षा करते हुए निर्देश दिया कि वर्षा से जिन पात्र लोगों के मकान क्षतिग्रस्त हुए हैं, उन्हें प्राथमिकता के आधार पर आवास उपलब्ध कराया जाए। कोई भी पात्र व्यक्ति योजना के लाभ से वंचित न रहे, इसका विशेष ध्यान रखा जाए। सड़कों के निर्माण और मरम्मतीकरण के संबंध में प्रांतीय खंड के अधिशासी अभियंता को निर्देशित किया कि नवीनीकरण एवं चौड़ीकरण के कार्य प्राथमिकता से कराए जाएं। जनप्रतिनिधियों की ओर से भेजे गए जो प्रस्ताव छूट गए हैं, उन्हें दोबारा भेजने को कहा गया। किसानों को खाद वितरण के मुद्दे पर सहायक निबंधक सहकारिता को निर्देश दिया कि सभी समितियों पर पर्याप्त खाद उपलब्ध रहे और सचिव स्वयं समितियों में बैठकर किसानों को खाद वितरित करें, ताकि किसी किसान को परेशानी न हो। धन के अभाव में लंबित परियोजनाओं के लिए आवश्यक धनराशि की मांग कर कार्य समय से पूरा कराने तथा जिन परियोजनाओं के लिए धन उपलब्ध है, उनमें तत्काल काम शुरू कराने के निर्देश भी दिए गए। बिजली व्यवस्था की समीक्षा के दौरान अधीक्षण अभियंता विद्युत को निर्देश दिया गया कि बिना पूर्व सूचना और नोटिस के किसी का बिजली कनेक्शन न काटा जाए। आम जनता को बिजली संबंधी समस्याओं का सामना न करना पड़े, इसके लिए संवेदनशीलता से काम किया जाए। जिला पूर्ति अधिकारी को पात्र लोगों के राशन कार्ड बनाने और उन्हें शासन की ओर से अनुमन्य राशन उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए। हर घर जल योजना के तहत अधिशासी अभियंता जल निगम को पाइपलाइन बिछाने के दौरान क्षतिग्रस्त हुई सड़कों की मरम्मत कराने और प्रत्येक ग्राम पंचायत में पाइप पेयजल योजना का कार्य पूरा कर लोगों तक पानी पहुंचाने को कहा गया। कानून व्यवस्था की समीक्षा के दौरान प्रभारी मंत्री ने पुलिस अधीक्षक से साइबर ठगी की घटनाओं पर रोक लगाने के लिए की जा रही कार्रवाई की जानकारी ली। पुलिस अधीक्षक ने उन्हें जनपद में साइबर अपराधों के खिलाफ चलाए जा रहे प्रयासों से अवगत कराया। प्रभारी मंत्री ने अधिकारियों से कहा कि केंद्र और प्रदेश सरकार की कल्याणकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाया जाए और कोई भी पात्र व्यक्ति सरकारी योजनाओं से वंचित न रहे।
बैठक में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जय प्रकाश सिंह, मुख्य विकास अधिकारी कृतिराज, अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) राजेश कुमार मिश्रा, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. अजय शर्मा, जिला विकास अधिकारी देव चतुर्वेदी, परियोजना निदेशक तेजवंत सिंह सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। इसके अलावा भाजपा जिलाध्यक्ष अनुराग अवस्थी, जिला पंचायत अध्यक्ष शकुन सिंह सहित अन्य जनप्रतिनिधि और भाजपा पदाधिकारी भी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *