उन्नाव में ‘पुलिस की पाठशाला’ में विद्यार्थियों को सिखाए सुरक्षा के गुर
साइबर अपराध, महिला सुरक्षा और यातायात नियमों की दी जानकारी, संविधान दिवस पर दिलाई गई प्रस्तावना की शपथ

उन्नाव, उत्तर प्रदेश। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक उन्नाव के निर्देशन में पुलिस अधीक्षक उत्तरी आयुष श्रीवास्तव की अध्यक्षता में जी.डी. गोयनका स्कूल, मगरवारा में ‘पुलिस की पाठशाला’ कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें छात्र-छात्राओं और उपस्थित लोगों को पुलिस की कार्यप्रणाली, मिशन शक्ति, महिला एवं बालिका सुरक्षा, साइबर अपराधों से बचाव और यातायात नियमों के प्रति जागरूक किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को सुरक्षा संबंधी महत्वपूर्ण जानकारियां देने के साथ जिम्मेदार नागरिक बनने के लिए प्रेरित करना रहा।
कार्यशाला में बढ़ती सड़क दुर्घटनाओं को देखते हुए यातायात नियमों के पालन पर विशेष जोर दिया गया। यातायात पुलिस ने नाबालिगों द्वारा वाहन चलाने, नशे में ड्राइविंग, ओवरस्पीडिंग, बिना हेलमेट वाहन चलाने और सड़क पर स्टंटबाजी के खतरों के बारे में विस्तार से बताया। साथ ही सड़क सुरक्षा के प्रति जिम्मेदार बनने और स्वयं के साथ दूसरों के जीवन की रक्षा करने की अपील की गई। मिशन शक्ति के तहत महिला एवं बालिका सुरक्षा, अधिकारों, आत्मसम्मान और स्वावलंबन की जानकारी दी गई। आपात स्थिति में पुलिस और महिला सुरक्षा हेल्पलाइन का उपयोग करने के लिए भी प्रेरित किया गया। साइबर सुरक्षा सत्र में ऑनलाइन ठगी, फर्जी कॉल, संदिग्ध लिंक और सोशल मीडिया के दुरुपयोग से बचने के उपाय बताए गए। साइबर अपराध का शिकार होने पर तत्काल हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कराने की जानकारी भी दी गई। कार्यक्रम में यातायात प्रभारी निरीक्षक सुनील सिंह, साइबर थाना प्रभारी निरीक्षक राजेश यादव, परिवार परामर्श समिति के प्रभारी डॉ. आशीष श्रीवास्तव, वरिष्ठ सलाहकार परिवार परामर्श केंद्र डॉ. मनीष सिंह सेंगर, साइबर थाना के आरक्षी तरुण एवं विपिन, यातायात विभाग के मुख्य आरक्षी भूप सिंह तथा कोतवाली सदर के आरक्षी एलिस सहित पुलिस विभाग के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन डॉ. आशीष श्रीवास्तव और डॉ. मनीष सिंह सेंगर ने किया। विद्यालय के डायरेक्टर महेश गुप्ता, वरिष्ठ आईएएस अधिकारी (सेवानिवृत्त) तथा प्रधानाचार्या श्रीमती पुनीता टुटेजा ने पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों का स्वागत किया तथा विद्यार्थियों के हित में आयोजित जागरूकता कार्यक्रम के लिए उन्नाव पुलिस का आभार जताया।
संविधान दिवस के अवसर पर कार्यक्रम में उपस्थित पुलिस अधिकारियों, कर्मचारियों, विद्यालय स्टाफ और छात्र-छात्राओं को भारतीय संविधान की प्रस्तावना का सामूहिक वाचन कराया गया। सभी ने संविधान के प्रति निष्ठा और उसके मूल आदर्शों के पालन की शपथ ली। विद्यार्थियों को संविधान में निहित मूल्यों, आदर्शों, मौलिक अधिकारों और मूल कर्तव्यों को जीवन में अपनाने तथा जागरूक एवं कर्तव्यनिष्ठ नागरिक के रूप में राष्ट्र निर्माण में योगदान देने के लिए प्रेरित किया गया।
