बीएमसी जी-दक्षिण विभाग की सौर ऊर्जा पहल से बिजली बिल में 47.73% की कमी

वरली श्मशानभूमि, स्कूलों और कार्यालयों में लगाए गए 12 किलोवाट क्षमता के ऑन-ग्रिड सोलर प्रोजेक्ट, आठ इमारतों का मासिक बिजली बिल 1.10 लाख रुपये घटा

मुंबई। ऊर्जा संरक्षण और पर्यावरण अनुकूल सतत विकास को बढ़ावा देने के उद्देश्य से बृहन्मुंबई महानगरपालिका (बीएमसी) के जी-दक्षिण विभाग ने अपनी विभिन्न संपत्तियों में 12 किलोवाट क्षमता के ऑन-ग्रिड सौर ऊर्जा प्रकल्प स्थापित करने की पहल की है। इस योजना के तहत वरली श्मशानभूमि, महानगरपालिका के विभिन्न स्कूलों और अन्य कार्यालयीन इमारतों में सौर ऊर्जा परियोजनाएं शुरू की गई हैं। इनके क्रियान्वयन के बाद मई और जून 2026 के बिजली उपयोग तथा बिलों में उल्लेखनीय कमी दर्ज की गई है। महानगरपालिका की आठ कार्यालयीन इमारतों में कुल बिजली खपत मई 2026 में 23,701 यूनिट थी, जो जून 2026 में घटकर 11,318 यूनिट रह गई। इस प्रकार एक महीने में बिजली खपत में 12,383 यूनिट की कमी दर्ज की गई। बिजली बिलों में भी बड़ी बचत हुई है। इन आठ इमारतों का संयुक्त बिजली बिल मई 2026 में 2 लाख 32 हजार 46 रुपये था, जो जून में घटकर 1 लाख 21 हजार 288 रुपये रह गया। यानी एक महीने में बिजली बिल की राशि में 1 लाख 10 हजार 758 रुपये की कमी आई, जो करीब 47.73 प्रतिशत है। बीएमसी जी-दक्षिण विभाग की यह पहल ऊर्जा संरक्षण के साथ-साथ पर्यावरण अनुकूल और टिकाऊ शहरी विकास की दिशा में महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *