महिला सशक्तीकरण में परिवार और समाज की भागीदारी जरूरी: उपराष्ट्रपति सी.पी.राधाकृष्णन

नागपुर विश्वविद्यालय की दो दिवसीय ‘स्वयंसिद्धा विजया’ परिषद का उद्घाटन, राज्यपाल जिष्णु देव वर्मा बोले—महिलाओं के आर्थिक स्वावलंबन, कौशल विकास और नेतृत्व पर विश्वविद्यालय दें विशेष ध्यान

नागपुर। राष्ट्रसंत तुकड़ोजी महाराज नागपुर विश्वविद्यालय की ओर से बुधवार को आयोजित महिला सशक्तीकरण पर दो दिवसीय परिषद ‘स्वयंसिद्धा विजया’ का उद्घाटन उपराष्ट्रपति सी.पी.राधाकृष्णन ने किया। कार्यक्रम में प्रमुख अतिथि के रूप में महाराष्ट्र के राज्यपाल जिष्णु देव वर्मा उपस्थित रहे। इस अवसर पर उपराष्ट्रपति राधाकृष्णन ने कहा कि महिला सशक्तीकरण केवल किसी संस्था, विश्वविद्यालय या महाविद्यालय की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि इसके लिए समाज के सभी वर्गों और परिवारों की सक्रिय भागीदारी आवश्यक है। उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय समाज के अच्छे लोगों और सकारात्मक विचारों को जोड़ने का प्रभावी केंद्र होते हैं। उपराष्ट्रपति ने कहा कि अक्सर यह माना जाता है कि ब्रिटिश शासन के बाद भारत में महिलाओं को विभिन्न क्षेत्रों में अवसर मिलने शुरू हुए, लेकिन यह धारणा सही नहीं है। प्राचीन काल में भी रानी लक्ष्मीबाई सहित अनेक महिलाओं ने विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य किया है। भारतीय संस्कृति में हमेशा महिलाओं का सम्मान किया गया है और मां को देवता का दर्जा दिया गया है।
महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने में विश्वविद्यालयों की अहम भूमिका
राज्यपाल जिष्णु देव वर्मा ने कहा कि इस तरह की परिषदों के माध्यम से महिलाओं का कौशल विकास होगा और वे अपने स्वयं के उद्योग शुरू करने में सक्षम बनेंगी। राष्ट्रसंत तुकड़ोजी महाराज नागपुर विश्वविद्यालय ने इस दिशा में पहल की है। अन्य विश्वविद्यालयों को भी इसी तरह आगे आना चाहिए। उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालयों को विद्यार्थियों को आर्थिक स्वतंत्रता, कौशल विकास और नेतृत्व सहित सभी क्षेत्रों में सक्षम बनाना चाहिए। उनकी अपेक्षा है कि महिला सशक्तीकरण के मामले में महाराष्ट्र देश का अग्रणी राज्य बने।
महिला उपलब्धियों का सम्मान
कार्यक्रम के मंच पर राज्यपाल के सचिव डॉ. प्रशांत नारनवरे, राष्ट्रसंत तुकड़ोजी महाराज नागपुर विश्वविद्यालय की कुलपति डॉ. मनाली क्षीरसागर, प्र-कुलपति डॉ. अखिलेश पेशवे और कुलसचिव डॉ. विजय खंडाळ उपस्थित रहे। इस अवसर पर पूर्व कुलपति डॉ. उज्ज्वला चक्रदेव, पद्मश्री जे. कल्पना सरोज, नीना गोगाटे, प्रतिभा देसाई और डॉ. शालिनी लिहितकर को उपराष्ट्रपति सी.पी. राधाकृष्णन के हाथों सम्मानित किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *