यूपी चुनाव 2027 के लिए 26 नवंबर को सपा जारी करेगी ‘जन-मन का मैनिफेस्टो’
‘सत्ताईस का संकल्प: पीडीए का प्रणपत्र’ होगा नारा, महिला, युवा और कमजोर वर्गों पर रहेगा फोकस, मल्लिकार्जुन खरगे की मौजूदगी में निकलेगा संविधान मार्च

लखनऊ, उत्तर प्रदेश। समाजवादी पार्टी (सपा) 26 नवंबर को संविधान दिवस के अवसर पर उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 के लिए अपना घोषणा पत्र जारी करेगी। इसे ‘जन-मन का मैनिफेस्टो’ नाम दिया गया है, जबकि इसके साथ ‘सत्ताईस का संकल्प: पीडीए का प्रणपत्र’ का नारा जोड़ा गया है। पार्टी अध्यक्ष अखिलेश यादव पहले ही स्पष्ट कर चुके हैं कि घोषणा पत्र में महिलाओं, युवाओं और पीडीए वर्ग पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। पूर्व मुख्य सचिव आलोक रंजन की देखरेख में तैयार हो रहे इस घोषणा पत्र के जरिए सपा संविधान, लोकतंत्र और आरक्षण की रक्षा को अपने राजनीतिक अभियान के केंद्र में रखेगी। इसमें पीडीए के तहत महिलाओं, युवाओं और कमजोर वर्गों के लिए रोजगार, शिक्षा और सामाजिक न्याय से जुड़े वादे पेश किए जाएंगे। इसके बाद अलग-अलग मंडलों और जिलों के लिए क्षेत्रीय घोषणा पत्र भी जारी करने की योजना है। चुनाव से काफी पहले घोषणा पत्र जारी करने के पीछे पार्टी का उद्देश्य अपने मुद्दों और वादों को जमीनी स्तर पर जनता तक पहुंचाने के लिए पर्याप्त समय देना है। हालांकि, विस्तृत योजनाओं और घोषणाओं का खुलासा 26 नवंबर को होने वाले लॉन्च कार्यक्रम में किया जाएगा।
घोषणा पत्र के बाद निकलेगा संविधान मार्च
26 नवंबर को सपा कार्यालय में पीडीए घोषणा पत्र जारी करने के बाद संविधान मार्च का आयोजन किया जाएगा। इसमें कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष और राज्यसभा में नेता प्रतिपक्ष मल्लिकार्जुन खरगे शामिल होंगे। मार्च की शुरुआत नेहरू भवन स्थित गांधी प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित करने के साथ होगी। इसके बाद मार्च एनेक्सी होते हुए हजरतगंज पहुंचेगा और बाबा साहब डॉ. भीमराव आंबेडकर की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित करने के साथ संपन्न होगा। इस मार्च में राज्यसभा सदस्य प्रमोद तिवारी, पूर्व सांसद पीएल पुनिया और विभिन्न सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि भी हिस्सा लेंगे। कार्यक्रम संयोजक एवं सांसद तनुज पुनिया ने बताया कि आयोजन की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। इसमें प्रदेशभर के वरिष्ठ नेता शामिल होंगे।
