यूपी बोर्ड की प्रयोगात्मक परीक्षाओं का कार्यक्रम जारी, वाराणसी मंडल में 20 से 28 जनवरी तक होंगे एग्जाम
छह मंडलों में दूसरे चरण की परीक्षाएं, सीसीटीवी कैमरों से होगी निगरानी, प्री-बोर्ड प्रायोगिक परीक्षाएं दिसंबर के अंतिम सप्ताह में

वाराणसी, उत्तर प्रदेश। माध्यमिक शिक्षा परिषद उत्तर प्रदेश ने वर्ष 2027 की हाईस्कूल और इंटरमीडिएट की प्रयोगात्मक परीक्षाओं का कार्यक्रम जारी कर दिया है। इसके तहत वाराणसी मंडल में 20 से 28 जनवरी 2027 तक प्रयोगात्मक परीक्षाएं आयोजित की जाएंगी। दूसरे चरण में वाराणसी सहित प्रदेश के छह मंडलों में परीक्षाएं होंगी। परिषद ने परीक्षा की पारदर्शिता बनाए रखने के लिए सीसीटीवी कैमरों से निगरानी और रिकॉर्डिंग सुरक्षित रखने के निर्देश दिए हैं। परिषद के कार्यक्रम के अनुसार दूसरे चरण में वाराणसी, मेरठ, मुरादाबाद, कानपुर, प्रयागराज और गोरखपुर मंडल शामिल हैं। इन सभी मंडलों में 20 से 28 जनवरी के बीच प्रयोगात्मक परीक्षाएं कराई जाएंगी। हाईस्कूल में विज्ञान और गृह विज्ञान को छोड़कर अन्य विषयों की प्रयोगात्मक परीक्षाएं विद्यालय स्तर पर आंतरिक मूल्यांकन और प्रोजेक्ट कार्य के आधार पर होंगी। विज्ञान और गृह विज्ञान की प्रयोगात्मक परीक्षाएं विद्यालयों में आयोजित की जाएंगी। व्यक्तिगत परीक्षार्थियों को अपने अग्रसारण केंद्र के प्रधानाचार्य से संपर्क कर परीक्षा में शामिल होना होगा। हाईस्कूल के आंतरिक मूल्यांकन, नैतिक योग, खेल एवं शारीरिक शिक्षा तथा इंटरमीडिएट के नैतिक योग, खेल एवं शारीरिक शिक्षा के अंक विद्यालयों के प्रधानाचार्य परिषद की वेबसाइट पर ऑनलाइन अपलोड करेंगे। इसके लिए परिषद की वेबसाइट एक जनवरी 2027 से सक्रिय होगी।
दिसंबर के अंतिम सप्ताह में प्री-बोर्ड प्रायोगिक परीक्षाएं
विद्यालय स्तर पर प्री-बोर्ड की प्रयोगात्मक परीक्षाएं दिसंबर 2026 के अंतिम सप्ताह में आयोजित की जाएंगी। क्षेत्रीय बोर्ड कार्यालय के अपर सचिव भास्कर मिश्रा ने बताया कि कक्षा 10 की प्री-बोर्ड लिखित परीक्षाएं जनवरी 2027 के पहले सप्ताह में कराई जाएंगी। वहीं, कक्षा नौ और 11 की वार्षिक परीक्षाएं जनवरी के दूसरे और तीसरे सप्ताह में आयोजित होंगी।
सीसीटीवी से होगी परीक्षा की निगरानी
परिषद ने सभी विद्यालयों के प्रधानाचार्यों को निर्देश दिया है कि प्रयोगात्मक परीक्षाओं की नियुक्ति और अन्य आवश्यक सूचनाओं के लिए संबंधित क्षेत्रीय कार्यालय से संपर्क करें। परीक्षा के दौरान सीसीटीवी कैमरों से निगरानी की जाएगी। साथ ही कैमरों की रिकॉर्डिंग सुरक्षित रखने के भी निर्देश दिए गए हैं।
