सौरभ दास को लंदन जाने से रोकने पर भड़के अभिजीत दीपके, केंद्र से पूछे तीखे सवाल

छत्रपति संभाजीनगर। देश के हजारों करोड़ रुपये लेकर विदेश भागने वाले विजय माल्या, नीरव मोदी और मेहुल चोकसी जैसे लोगों को सरकार नहीं रोक पाई, लेकिन देश के मुद्दों को अंतरराष्ट्रीय मंच पर उठाने वाले शिक्षित युवाओं के रास्ते में बाधाएं खड़ी की जा रही हैं। सरकार की प्राथमिकताएं आखिर क्या हैं? आर्थिक नुकसान पहुंचाने वाले लोग स्वीकार्य हैं, लेकिन सवाल पूछने वाले युवा नहीं? कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) के अभिजीत दीपके ने इन सवालों के जरिए केंद्र सरकार की कार्यप्रणाली पर तीखा हमला बोला। मंगलवार (24 नवंबर) को अपने निवास पर पत्रकारों से बातचीत में दीपके ने सौरभ दास को लंदन जाने से रोके जाने की कथित घटना को अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता और युवाओं के अधिकारों से जुड़ा गंभीर मामला बताया। उन्होंने कहा कि सौरभ दास को लंदन स्कूल ऑफ इकोनॉमिक्स में आयोजित एक कार्यक्रम में शामिल होने का निमंत्रण मिला था। वहां उन्हें कॉकरोच आंदोलन के विचारों के साथ महात्मा गांधी और डॉ. बाबासाहेब आंबेडकर के विचार अंतरराष्ट्रीय मंच पर रखने का अवसर मिलने वाला था। इसके अलावा लंदन स्थित डॉ. आंबेडकर के निवास स्थान पर जाने का कार्यक्रम भी तय था। इसके बावजूद उन्हें हवाई अड्डे से ही वापस लौटना पड़ा।
दोहरे मापदंडों पर उठाए सवाल
अभिजीत दीपके ने सवाल किया कि आखिर सौरभ दास ने ऐसा कौन-सा अपराध किया था, जिसके कारण उन्हें विदेश जाने से रोका गया? क्या उन्होंने बैंकों का पैसा लूटा है या किसी आपराधिक गतिविधि में शामिल रहे हैं? दीपके के मुताबिक, आर्थिक अपराधियों और जागरूक युवाओं के मामलों में अलग-अलग मापदंड अपनाए जाने का आरोप सरकार की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े करता है।
उड़ान से कुछ घंटे पहले नोटिस देने पर आपत्ति
दीपके ने कार्रवाई के समय और तरीके पर भी सवाल उठाए। उनके अनुसार, सौरभ दास को रात में लंदन के लिए रवाना होना था, लेकिन उसी दिन शाम को उन्हें नोटिस थमा दिया गया। इससे अपना पक्ष रखने और आवश्यक जवाब देने के लिए पर्याप्त समय नहीं मिला। उन्होंने आरोप लगाया कि यह सामान्य प्रशासनिक प्रक्रिया नहीं, बल्कि जानबूझकर की गई कार्रवाई प्रतीत होती है। उन्होंने बताया कि सौरभ का पासपोर्ट वर्ष 2019 में जारी हुआ था और उस समय भी केंद्र में मौजूदा सरकार थी। कॉकरोच जनता पार्टी की स्थापना से पहले सौरभ दो बार विदेश यात्रा कर चुके थे। ऐसे में यदि पासपोर्ट में कोई त्रुटि थी तो प्रशासन को पहले इसकी जानकारी क्यों नहीं हुई? पूर्व की विदेश यात्राओं के दौरान आपत्ति नहीं जताई गई, लेकिन अब अचानक रोक लगाने के पीछे क्या कारण है?
26 नवंबर को नागपुर में आंदोलन का ऐलान
सीजेपी का आंदोलन कमजोर पड़ने की चर्चाओं को खारिज करते हुए दीपके ने कहा कि संगठन अपनी लड़ाई जारी रखेगा। उन्होंने कहा कि जिन्हें लगता है कि आंदोलनकारी शांत हो गए हैं, वे 26 नवंबर को नागपुर पहुंचकर स्थिति देख सकते हैं। इस दिन संगठन की ओर से आंदोलन किया जाएगा। दीपके ने बताया कि ‘क्या बोलती पब्लिक’ अभियान के बाद पार्टी ने अब ‘स्कूल ठीक करो’ अभियान शुरू किया है। शिक्षा व्यवस्था में सुधार, विद्यार्थियों की समस्याएं और स्कूलों की मौजूदा स्थिति इस अभियान के प्रमुख मुद्दे होंगे। उन्होंने कहा कि शिक्षा का सवाल किसी एक वर्ग तक सीमित नहीं है, बल्कि देश के भविष्य से जुड़ा है। संगठन इन मुद्दों को लगातार उठाता रहेगा और अपने आंदोलन से पीछे नहीं हटेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *