काशी में दीपों से जगमगाए 84 घाट: भव्यता के साथ संपन्न हुआ देव दीपावली का महापर्व
गंगा के दोनों तटों से लेकर वरुणा नदी और कुंड-तालाबों तक बिखरी अलौकिक छटा, देशभर से पहुंचे श्रद्धालु और पर्यटक

वाराणसी, उत्तर प्रदेश। धर्म और आध्यात्मिकता की नगरी काशी में देव दीपावली का महापर्व मंगलवार को भव्यता और उल्लास के साथ संपन्न हुआ। गंगा के 84 घाटों से लेकर वरुणा नदी के तट और शहर के कुंड-तालाबों तक असंख्य दीपों की रोशनी ने अद्भुत छटा बिखेरी। गंगा के दोनों तट दीपों से जगमगाते नजर आए। नमो घाट, दशाश्वमेध घाट, अस्सी घाट और ललिता घाट से उत्सव के भव्य नजारे का सीधा प्रसारण किया गया। इस अलौकिक दृश्य को देखने के लिए देश के अलग-अलग हिस्सों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु और पर्यटक काशी पहुंचे। देव दीपावली की तैयारियां जिला प्रशासन और विभिन्न विभागों ने करीब 15 दिन पहले से शुरू कर दी थीं। घाटों की सजावट, साफ-सफाई, रोशनी और सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए थे। नमो घाट पर पहुंचे पर्यटक यहां की भव्यता और व्यवस्थाओं से काफी प्रभावित नजर आए। किसी ने काशी की आध्यात्मिक पहचान को इस उत्सव से जुड़ा बताया तो किसी के लिए यह जीवन का यादगार अनुभव बन गया।
काशी की दिव्यता और आकर्षण को बढ़ाती है देव दीपावली
नमो घाट पहुंचे एआरपी पुरंदर कुमार पांडेय ने कहा कि काशी दिव्य और भावनाओं से जुड़ी नगरी है। देव दीपावली इस नगरी की खूबसूरती और आकर्षण को कई गुना बढ़ा देती है। उन्होंने इस आयोजन को काशी की आध्यात्मिक पहचान का विशेष हिस्सा बताया। मान्यता है कि कार्तिक पूर्णिमा के दिन भगवान शिव ने त्रिपुरासुर नामक राक्षस का वध किया था। इस विजय की खुशी में देवताओं ने दीप जलाकर उत्सव मनाया था। इसी परंपरा के तहत काशी में देव दीपावली का आयोजन किया जाता है।
पहली बार काशी पहुंचे पर्यटक भी हुए अभिभूत
पहली बार नमो घाट पहुंचे आदित्य सिंह ने कहा कि यहां आकर उन्हें बेहद उत्साह और सुख की अनुभूति हो रही है। घाट पर साफ-सफाई की व्यवस्था भी काफी अच्छी है। वहीं आजमगढ़ के विशाल राय ने बताया कि वह पिछले तीन वर्षों से देव दीपावली देखने काशी आ रहे हैं। उनके अनुसार नमो घाट का आयोजन हर बार नया अनुभव देता है। इस बार उनके गांव रानी की सराय से भी कई युवा उत्सव देखने काशी पहुंचे हैं। दीपों की रोशनी, गंगा के घाटों की भव्य सजावट और श्रद्धालुओं के उत्साह ने एक बार फिर देव दीपावली को काशी के सबसे आकर्षक धार्मिक आयोजनों में शामिल कर दिया।
