विधानसभा चुनाव 2027 की तैयारियों में जुटा झांसी प्रशासन, भोजला मंडी में स्ट्रांग रूम और सुरक्षा व्यवस्था का निरीक्षण
जिलाधिकारी गौरांग राठी ने पोलिंग पार्टियों की रवानगी और वापसी का रोडमैप परखा, ईवीएम की सुरक्षा के लिए 24 घंटे CCTV निगरानी के निर्देश

झांसी, उत्तर प्रदेश। विधानसभा सामान्य निर्वाचन-2027 को सकुशल संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी गौरांग राठी ने भोजला मंडी का स्थलीय निरीक्षण कर पोलिंग पार्टियों की रवानगी, मतदान के बाद उनकी वापसी, मतगणना और ईवीएम के सुरक्षित भंडारण के लिए प्रस्तावित व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने स्ट्रांग रूम की सुरक्षा व्यवस्था का विशेष रूप से परीक्षण किया। उन्होंने निर्देश दिए कि ईवीएम की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए स्ट्रांग रूम में विद्युत और पानी के संयोजन होने पर उन्हें तत्काल विच्छेदित किया जाए। साथ ही खिड़कियों और दरवाजों को पूरी तरह बंद रखने तथा स्ट्रांग रूम के सामने बैरिकेडिंग कर प्रवेश प्रतिबंधित करने की व्यवस्था की जाए। उन्होंने स्ट्रांग रूम के पास अभिलेख रखने के लिए अलग कक्ष और अधिकारियों एवं कर्मचारियों के लिए आवश्यक कक्ष तैयार कराने के भी निर्देश दिए। जिला निर्वाचन अधिकारी ने स्ट्रांग रूम और मतगणना स्थल पर पर्याप्त रोशनी, पेयजल और शौचालय की व्यवस्था समय से पूरी करने को कहा। उन्होंने CCTV कैमरों की स्थिति की जानकारी लेते हुए निर्देश दिया कि स्ट्रांग रूम की निगरानी के लिए सभी कैमरे 24 घंटे सातों दिन संचालित रहें। सुरक्षा व्यवस्था में किसी तरह की लापरवाही नहीं होनी चाहिए।
पोलिंग पार्टियों की आवाजाही का रोडमैप परखा
भोजला मंडी से पोलिंग पार्टियों की रवानगी और मतदान के बाद उनकी वापसी के लिए तैयार किए गए रोडमैप का भी जिलाधिकारी ने मौके पर परीक्षण किया। उन्होंने वाहनों की व्यवस्था और उनके आवागमन के मार्गों का जायजा लेते हुए कहा कि रवानगी और वापसी के दौरान किसी तरह की बाधा नहीं आनी चाहिए। इससे मतदान कर्मियों को सुविधा मिलेगी और मतदान के बाद ईवीएम को सुरक्षित तरीके से स्ट्रांग रूम तक पहुंचाया जा सकेगा। उन्होंने ईवीएम डिस्पैच की प्रक्रिया के लिए बिंदुवार ड्यूटी लगाने और तैनात कर्मचारियों के पहचान पत्रों की जांच के बाद ही प्रवेश देने के निर्देश भी दिए। निरीक्षण के दौरान मंडी में बैरिकेडिंग, पेयजल, शौचालय, साफ-सफाई और खानपान के लिए कैंटीन की व्यवस्था की भी जानकारी ली गई। इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व पल्लवी मिश्रा, अपर जिलाधिकारी प्रशासन ए.के. गुप्ता, पुलिस अधीक्षक ग्रामीण डॉ. अरविंद कुमार, नगर मजिस्ट्रेट योगेश्वर सिंह, अधिशासी अभियंता लोक निर्माण रजनीश कुमार गुप्ता, मंडी सचिव बबलू कुमार, सहायक अभियंता लोक निर्माण विभाग संदीप कुमार सहित प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारी उपस्थित रहे।
