मध्य प्रदेश में पैक्स और जिला सहकारी बैंकों के चुनाव एक साल टले, नौ बैंकों को मिलेगी आर्थिक मदद
कैबिनेट के फैसले: 2027 युवा वर्ष के रूप में मनेगा, पीएससी की साल में दो परीक्षाएं कराने की तैयारी

भोपाल। मध्य प्रदेश में प्राथमिक कृषि साख सहकारी समितियों (पैक्स) और जिला सहकारी बैंकों के चुनाव एक साल के लिए टाल दिए गए हैं। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की अध्यक्षता में सोमवार को हुई कैबिनेट बैठक में इस प्रस्ताव को मंजूरी दी गई। इसके साथ ही नौ जिला सहकारी बैंकों को आर्थिक रूप से मजबूत बनाने के लिए अंश पूंजी उपलब्ध कराने का निर्णय लिया गया। सरकार वर्ष 2027 को युवा वर्ष के रूप में मनाएगी। बैठक में प्रदेश के विकास, विधानसभा के शीतकालीन सत्र और आगामी दो वर्षों की कार्ययोजना से जुड़े कई महत्वपूर्ण फैसले भी लिए गए। कैबिनेट बैठक के बाद एमएसएमई मंत्री चैतन्य कुमार काश्यप ने इन निर्णयों की जानकारी दी।
नौ जिला सहकारी बैंकों को मिलेगी अंश पूंजी
कैबिनेट ने नौ जिला सहकारी बैंकों को अंश पूंजी देने की मंजूरी दी है। रीवा, सतना, दतिया, शिवपुरी और जबलपुर के जिला सहकारी बैंकों को 25-25 करोड़ रुपये अतिरिक्त दिए जाएंगे। वहीं रायसेन, मुरैना, सागर और सीधी के चार नए जिला सहकारी बैंकों को 50-50 करोड़ रुपये की अंश पूंजी उपलब्ध कराई जाएगी। पैक्स समितियों और जिला सहकारी बैंकों के चुनाव भी एक साल आगे बढ़ा दिए गए हैं। नई समितियों के गठन और परिसीमन की प्रक्रिया पूरी होने के बाद चुनाव कराए जाएंगे। चूंकि पैक्स प्रतिनिधि ही जिला सहकारी बैंकों के चुनाव में मतदाता होते हैं, इसलिए दोनों चुनावों को एक-दूसरे से जोड़कर आगे बढ़ाने का फैसला किया गया है।
अगले दो साल के विकास का रोडमैप तैयार करेगी सरकार
सरकार के तीन साल के कामकाज की समीक्षा और आगामी दो वर्षों की प्राथमिकताएं तय करने के लिए दिसंबर में दो चिंतन शिविर आयोजित किए जाएंगे। 2 दिसंबर को मुख्य सचिव की अध्यक्षता में वरिष्ठ अधिकारियों का नीति चिंतन शिविर होगा। इसमें आठ सत्रों के माध्यम से प्रदेश के विकास और वर्ष 2047 तक विकसित मध्य प्रदेश बनाने के लक्ष्य पर चर्चा की जाएगी। इसके बाद 21 और 22 दिसंबर को मंत्रियों एवं विधायकों का चिंतन शिविर आयोजित होगा। इसमें अधिकारियों के साथ विचार-विमर्श के आधार पर सरकार की आगामी कार्ययोजना तैयार की जाएगी। वहीं मध्य प्रदेश विधानसभा का शीतकालीन सत्र 7 से 11 दिसंबर तक चलेगा। इस दौरान अनुपूरक बजट और विभिन्न शासकीय संकल्प प्रस्तुत किए जाएंगे।
खनिज से होने वाली आय 30 हजार करोड़ करने का लक्ष्य
प्रदेश में खनिज से वर्तमान में सालाना 12,170 करोड़ रुपये की आमदनी होती है। सरकार ने इसे बढ़ाकर 30 हजार करोड़ रुपये करने का लक्ष्य निर्धारित किया है। इसके लिए प्रदेश के विभिन्न हिस्सों में नए सिरे से सर्वे कराया जाएगा। खनिज निगम लिमिटेड पुराने आंकड़ों का विश्लेषण करने के साथ नई खदानों के विकास पर भी काम करेगा। इस पूरी प्रक्रिया पर हर साल 70 से 80 करोड़ रुपये खर्च होने का अनुमान है।
46,500 घरों तक बिजली पहुंचाने के लिए 193 करोड़ रुपये मंजूर
ग्रामीण क्षेत्रों में बिजली सुविधा से वंचित 20 से अधिक घरों वाली 1,834 बस्तियों के 46,500 घरों तक बिजली पहुंचाई जाएगी। इसके लिए 193 करोड़ रुपये की योजना को मंजूरी दी गई है। योजना का खर्च केंद्र और राज्य सरकार मिलकर उठाएंगी। वहीं 20 से कम घरों वाली छोटी बस्तियों और मोहल्लों में विद्युतीकरण राज्य सरकार अपने संसाधनों से कराएगी।
एकात्म धाम परियोजना को जारी रखने की मंजूरी
ओंकारेश्वर में 2,424 करोड़ रुपये की लागत से विकसित की जा रही एकात्म धाम परियोजना को जारी रखने का निर्णय लिया गया है। इसके मुख्य कार्य को आगामी सिंहस्थ से पहले पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। इसके अलावा मांडू, कान्हा-किसली और पेंच में जनजातीय कैफेटेरिया विकसित किए जाएंगे। इनके माध्यम से विदेशी पर्यटकों को स्थानीय खान-पान और जनजातीय संस्कृति से परिचित कराया जाएगा।
2027 युवा वर्ष, पीएससी की साल में दो परीक्षाओं की तैयारी
कैबिनेट ने वर्ष 2027 को युवा वर्ष के रूप में मनाने का निर्णय लिया है। इसके तहत मध्य प्रदेश लोक सेवा आयोग की परीक्षाएं साल में दो बार आयोजित करने की तैयारी है। इसके लिए परीक्षा कैलेंडर जारी किया गया है। वहीं भोपाल के नाथू बरखेड़ा में निर्माणाधीन अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम के पहले चरण का शुभारंभ हो चुका है। इस परियोजना पर करीब एक हजार करोड़ रुपये खर्च किए जा रहे हैं।
आदिवासी उत्पादों को जीआई टैग दिलाने की पहल
प्रदेश की जनजातीय कला और पारंपरिक उत्पादों को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय पहचान दिलाने के लिए सरकार ने जीआई टैग की प्रक्रिया आगे बढ़ाई है। भील जनजाति की माला, बोलनी, पिथोरा चित्रशैली, झाबुआ की आदिवासी गुड़िया और गोंड जनजाति के पारंपरिक वाद्य यंत्रों के लिए आवेदन किए गए हैं। बेटियों को सर्वाइकल कैंसर से बचाने के लिए चलाए गए एचपीवी टीकाकरण अभियान में मध्य प्रदेश ने निर्धारित लक्ष्य का 100 प्रतिशत हासिल किया है। इसके साथ ही प्रदेश देश के शीर्ष पांच राज्यों में शामिल हो गया है। कैबिनेट ने गोपाल कृष्ण ग्राम पुरस्कार योजना को भी जारी रखने का निर्णय लिया है। इसके तहत प्रतिदिन छह लीटर से अधिक दूध देने वाली देसी नस्ल की गायों के पशुपालकों को ग्राम और ब्लॉक स्तर पर एक-एक लाख रुपये का पुरस्कार दिया जाता है। योजना का उद्देश्य देसी नस्ल की गायों के पालन को प्रोत्साहित करना है।
