भाजपा धर्म के नाम पर ढोंग करती है, भगवान और आस्था का अपमान कर रही है: सांसद एसपी सिंह पटेल
पीडीए स्वाभिमान सम्मेलन में भाजपा पर साधा निशाना, बेरोजगारी, महंगाई, किसान और शिक्षा व्यवस्था को लेकर भी सरकार को घेरा

उन्नाव, उत्तर प्रदेश। भाजपा पूजा-पाठ और धार्मिक अनुष्ठानों के नाम पर ढोंग करती है। वह धर्म की रोटी खाती है और भगवान का अपमान करती है। इनके लिए धर्म मखौल बनकर रह गया है, जबकि हमारे लिए धर्म आस्था का विषय है। ये आरोप प्रतापगढ़ के सांसद एसपी सिंह पटेल ने क्षेत्र के ग्राम रूझिहई स्थित रामनाथ इंटर कॉलेज में आयोजित पीडीए स्वाभिमान सम्मेलन में लगाए। यह सम्मेलन सपा युवजन सभा के प्रदेश सचिव नीतिन पटेल द्वारा मुलायम सिंह यादव की जयंती पर आयोजित किया गया था। मुख्य अतिथि सांसद एसपी सिंह पटेल ने कांवड़ यात्रा को लेकर भी भाजपा पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि यात्रा में कुछ लोग शराब, गांजा और भांग का सेवन कर उपद्रव करते हैं। दुकानों में लूटपाट करते हैं और स्कूली बच्चों की वैन तथा पुलिस पर भी हमला करते हैं। उन्होंने कहा कि पूजा घर और आसपास के मंदिरों में भी की जा सकती है। भाजपा धर्म की बात करती है, लेकिन किसान, युवा, बेरोजगारी और महंगाई जैसे मुद्दों पर बात नहीं करती। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार मौतों और दुर्घटनाओं को भी इवेंट बनाकर जनता की भावनाओं के साथ खिलवाड़ करती है तथा उसकी योजनाएं अडानी और अंबानी के लिए बनाई जाती हैं। विशिष्ट अतिथि श्रावस्ती के सांसद राम शिरोमणि वर्मा ने सरकार और चुनाव आयोग पर मिलीभगत का आरोप लगाते हुए कहा कि लोगों के वोट काटे जा रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि डबल इंजन की सरकार बेरोजगारों, किसानों और युवाओं का शोषण कर रही है तथा लोगों को डराने का काम कर रही है। उन्होंने सरकार पर चढ़ावा चोरी करने और शिक्षा व्यवस्था को गर्त में धकेलने का भी आरोप लगाया। वहीं, पूर्व एमएलसी एवं सपा प्रवक्ता सुनील साजन ने कहा कि आजकल कथाओं का दौर चल रहा है, लेकिन भाजपा और उसके लोग भगवान एवं धर्म की कथाएं नहीं, बल्कि अपनी कथाएं करा रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा के लिए धर्म आस्था नहीं, बल्कि धंधा बनकर रह गया है।
