शांति, सद्भाव और मानवता के मूल्यों को मजबूत करना जरूरी: मुख्यमंत्री फडणवीस
गेटवे ऑफ इंडिया पर 26/11 पीस कॉन्सर्ट और ग्लोबल पीस ऑनर्स का आयोजन, सचिन तेंदुलकर सहित कई हस्तियां रहीं मौजूद

मुंबई। मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने कहा कि शांति, सहयोग और मानवता के मूल्यों को और मजबूत करने की जरूरत है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत के संकल्प को पूरा करने और सुरक्षित भारत के निर्माण में प्रत्येक नागरिक को अपना योगदान देना चाहिए। वे गेटवे ऑफ इंडिया पर आयोजित ‘26/11 पीस कॉन्सर्ट : ग्लोबल पीस ऑनर्स’ कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि प्रगति और समृद्धि हासिल करने के लिए समाज के हर व्यक्ति की भागीदारी महत्वपूर्ण है। शांति और कानून-व्यवस्था बनाए रखना सरकार की जिम्मेदारी है, लेकिन समाज के सभी वर्गों का सहयोग मिले तो शांति को जनआंदोलन का रूप दिया जा सकता है। उन्होंने दिव्यज फाउंडेशन के शिक्षा, स्वास्थ्य, महिला सशक्तिकरण, स्वच्छता और समाज कल्याण के क्षेत्र में किए जा रहे कार्यों की सराहना की। फडणवीस ने कहा कि जरूरतमंदों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने के लिए फाउंडेशन के प्रयास सराहनीय हैं। निस्वार्थ भाव से समाजसेवा करने वाले लोगों का सम्मान करने वाला यह आयोजन शांति और मानवता का संदेश देता है। उन्होंने पुरस्कार प्राप्त करने वाले सभी लोगों को बधाई दी। उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने कहा कि कानून के डर या युद्ध के जरिए शांति स्थापित नहीं की जा सकती। इसके लिए सकारात्मक संवाद और आपसी विश्वास जरूरी है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश की सुरक्षा व्यवस्था मजबूत हुई है और आतंकवाद तथा नक्सलवाद के खिलाफ लड़ाई को निर्णायक दिशा मिली है। सीमाओं पर तैनात जवानों और दिन-रात कार्यरत पुलिस तथा सुरक्षा एजेंसियों के कारण देश की सुरक्षा से कोई खिलवाड़ नहीं कर सकता। उपमुख्यमंत्री सुनेत्रा अजित पवार ने कहा कि शांति और सुव्यवस्था बनाए रखने के लिए सरकार के प्रयासों के साथ समाज के प्रत्येक वर्ग की सक्रिय भागीदारी जरूरी है। ऐसे आयोजन समाज में एकता, भाईचारे और सद्भाव की भावना को मजबूत करते हैं। कार्यक्रम में अमृता फडणवीस ने कहा कि दुनिया पहले से अधिक जुड़ गई है, लेकिन एक-दूसरे की सच्चे मन से परवाह करना और शांति बनाए रखना भी उतना ही जरूरी है। उन्होंने 26/11 के मुंबई आतंकी हमले को याद करते हुए पुलिस, कमांडो, अग्निशमन दल, डॉक्टरों, नर्सों और आम नागरिकों के साहस को नमन किया, जिन्होंने दूसरों की जान बचाने के लिए अपनी जान जोखिम में डाली। कार्यक्रम में शांति, मानवता, सामाजिक कार्य और देशसेवा के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाली हस्तियों को सम्मानित किया गया। समारोह की शुरुआत अभिनेता टाइगर श्रॉफ की श्रीगणेश वंदना से हुई। मुख्यमंत्री फडणवीस ने आध्यात्मिक गुरु सद्गुरु जग्गी वासुदेव से संवाद किया। इस दौरान सद्गुरु के विचारों को ईशा फाउंडेशन के माध्यम से 40 भाषाओं में पहुंचाए जाने का उल्लेख किया गया। अभिनेता रणवीर सिंह ने भारतरत्न सचिन तेंदुलकर का साक्षात्कार लिया, जबकि अभिनेता शाहरुख खान ने भी उपस्थित लोगों को संबोधित किया। अभिनेता अमिताभ बच्चन का वीडियो संदेश भी प्रदर्शित किया गया। अमृता फडणवीस ने ‘ये मेरे वतन के लोगो’ और ‘ऐ वतन, मेरे आबाद रहे तू’ जैसे देशभक्ति गीत प्रस्तुत किए। अभिनेता अक्षय कुमार ने ‘तेरी मिट्टी में मिल जावां’ और ‘सुनो गौर से दुनिया वालों’ गीतों पर प्रस्तुति दी। गायक सुखविंदर सिंह ने ‘मेरे देश की धरती सोना उगले’ और ‘चक दे इंडिया’ जैसे गीतों से समां बांधा तथा कार्यक्रम का समापन ‘जय हो’ गीत के साथ किया। समारोह में उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे, उपमुख्यमंत्री सुनेत्रा अजित पवार, विधानसभा अध्यक्ष एडवोकेट राहुल नार्वेकर, मंत्री पंकजा मुंडे, मंगलप्रभात लोढ़ा, भारतरत्न सचिन तेंदुलकर, अंजली तेंदुलकर, जैकी श्रॉफ, सुनील शेट्टी, करण जौहर, अक्षय कुमार, बीएमसी आयुक्त अश्विनी भिडे, मुंबई पुलिस आयुक्त देवेन भारती और उद्योगपति अनंत अंबानी सहित विभिन्न क्षेत्रों की प्रमुख हस्तियां उपस्थित थीं।
