महावितरण कार्यालय में रिश्वत का खेल! सहायक अभियंता के खिलाफ एसीबी की कार्रवाई

पालघर। पालघर जिले में भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) ने बिजली के नए मीटर कनेक्शन मंजूर कराने के बदले रिश्वत मांगने के आरोप में महाराष्ट्र राज्य विद्युत वितरण कंपनी (महावितरण) के एक सहायक अभियंता के खिलाफ मामला दर्ज किया है। आरोपी की पहचान 52 वर्षीय श्रीकृष्ण समाधान राजस के रूप में हुई है, जो नालासोपारा पूर्व उपविभाग में सहायक अभियंता के पद पर कार्यरत हैं। शिकायत के अनुसार, 46 वर्षीय एक बिजली ठेकेदार ने अपने क्षेत्र के 15 ग्राहकों के नए बिजली मीटर कनेक्शन के लिए ऑनलाइन आवेदन किया था। संबंधित परिसर के वायरमैन ने जांच कर अपनी रिपोर्ट नालासोपारा पूर्व उपविभाग कार्यालय में जमा की थी। आरोप है कि इसके बाद सहायक अभियंता राजस ने ठेकेदार से संपर्क कर प्रत्येक कनेक्शन के बदले 500 रुपये की मांग की। इस तरह 15 कनेक्शनों के लिए कुल 7,500 रुपये की मांग की गई। शिकायतकर्ता ने 22 सितंबर 2026 को पालघर एसीबी में शिकायत दर्ज कराई। इसके बाद 22 सितंबर, 29 सितंबर और 22 अक्टूबर को की गई शिकायत की जांच एवं सत्यापन प्रक्रिया के दौरान आरोपी द्वारा 15 नए बिजली मीटर कनेक्शन मंजूर कराने के बदले 11 हजार रुपये मांगने और बातचीत के बाद 10 हजार रुपये रिश्वत लेने की मांग पर सहमति बनने की बात सामने आई। एसीबी की प्रेसनोट के अनुसार, इस मामले में 20 नवंबर 2026 को शाम 5:45 बजे भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम, 1988 (संशोधित 2018) की धारा 7 के तहत अपराध दर्ज किया गया। आरोपी लोकसेवक को हिरासत में लिया गया है और गिरफ्तारी की प्रक्रिया शुरू होने की जानकारी दी गई है। यह कार्रवाई पुलिस उपाधीक्षक दत्ताराम करांडे के नेतृत्व में की गई। टीम में पुलिसकर्मी पोपअधीक्षक दत्ताराम करांडे, पोलीस हवालदार विलास भोये, योगेश धारने, जितेंद्र गावले और आकाश लोहार शामिल थे। मामले का पर्यवेक्षण पुलिस अधीक्षक शिवराज पाटिल ने किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *