डिग्री के साथ रोजगारपरक कौशल भी जरूरी, युवाओं को वैश्विक अवसरों के लिए तैयार करें शैक्षणिक संस्थान: सीएम फडणवीस

ठाणे। मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने कहा कि आज के दौर में केवल डिग्री हासिल करना पर्याप्त नहीं है, बल्कि उसके साथ व्यावहारिक ज्ञान और रोजगारपरक कौशल विकसित करना भी जरूरी है। बदलते रोजगार बाजार और अर्थव्यवस्था की जरूरतों के अनुरूप युवाओं को प्रशिक्षित किया जाए तो भारत न केवल अपनी जरूरतें पूरी कर सकता है, बल्कि पूरी दुनिया को कुशल मानव संसाधन उपलब्ध कराने में सक्षम बन सकता है। इसलिए शैक्षणिक संस्थानों को कौशल विकास के माध्यम से युवाओं को सशक्त बनाने की दिशा में काम करना चाहिए। मुख्यमंत्री रविवार को उल्हासनगर में हैदराबाद (सिंध) नेशनल कॉलेजिएट बोर्ड के चंदिबाई हिमतमल मनसुखानी (सीएचएम) कॉलेज की नवनिर्मित इमारत के उद्घाटन समारोह में बोल रहे थे। इस अवसर पर विधायक कुमार आयलानी, विधायक किसन कथोरे, विधायक सुलभाताई गायकवाड, एचएसएनसी बोर्ड के अध्यक्ष डॉ. निरंजन हिरानंदानी, जिलाधिकारी डॉ. श्रीकृष्ण पांचाल, पुलिस आयुक्त आशुतोष डुंबरे, उल्हासनगर महानगरपालिका आयुक्त मनीषा आव्हाले सहित संस्थान के पदाधिकारी और अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।
कौशल विकास से युवाओं को मिलेंगे वैश्विक अवसर
मुख्यमंत्री ने कहा कि देश के विभाजन के बाद सिंधी समाज के अनेक परिवारों को अपना घर, संपत्ति और सब कुछ छोड़कर भारत आना पड़ा था। उल्हासनगर और मुंबई के चेंबूर सहित विभिन्न क्षेत्रों में बसने के बाद इस समाज ने कठिन परिस्थितियों के बावजूद मेहनत, दृढ़ संकल्प और उद्यमशीलता के बल पर अपनी पहचान बनाई। आज उद्योग, चिकित्सा, इंजीनियरिंग, चार्टर्ड अकाउंटेंसी और अन्य व्यावसायिक क्षेत्रों में सिंधी समाज का महत्वपूर्ण योगदान है। उन्होंने बताया कि विभाजन के बाद सिंधी समाज के बच्चों को शिक्षा का अवसर देने और उनके भविष्य को दिशा देने के उद्देश्य से वर्ष 1949 में बांद्रा में नेशनल कॉलेज की स्थापना की गई थी। आगे चलकर एचएसएनसी बोर्ड के माध्यम से इस शैक्षणिक पहल का विस्तार हुआ और आज इसके अंतर्गत विभिन्न प्रकार की 27 संस्थाएं संचालित हैं। मुंबई विश्वविद्यालय के सबसे बड़े कॉलेजों में शामिल संस्थान में लगभग 14 हजार विद्यार्थी शिक्षा प्राप्त कर रहे हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि शिक्षा को केवल व्यवसाय या पैसा कमाने का साधन नहीं, बल्कि समाज निर्माण की व्यवस्था के रूप में देखना चाहिए। भारत के पास दुनिया की सबसे बड़ी युवा आबादी है। यदि इस आबादी को सही कौशल प्रशिक्षण मिले तो देश वैश्विक स्तर पर कुशल मानव संसाधन उपलब्ध कराने में बड़ी भूमिका निभा सकता है। इस दिशा में सीएचएम संस्थान का कौशल विकास से जुड़ा प्रयास महत्वपूर्ण है।
उल्हासनगर के बुनियादी ढांचे का होगा विकास
उल्हासनगर के विकास पर मुख्यमंत्री ने कहा कि शहर को मुंबई महानगर क्षेत्र के व्यापक विकास की योजना में शामिल किया गया है। यहां मेट्रो सुविधा उपलब्ध कराने का काम चल रहा है, जिससे शहर की कनेक्टिविटी बेहतर होगी। इसके अलावा कंक्रीट सड़कों, फ्लाईओवर और स्वतंत्र पेयजल योजना जैसे कार्यों को मंजूरी दी गई है और इन पर काम शुरू किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि उल्हासनगर को फिर से नियोजनबद्ध शहर का स्वरूप देने के लिए प्रयास किए जाएंगे। अनधिकृत घोषित मकानों के मुद्दे को सुलझाने के लिए उन्हें अधिकृत करने और क्लस्टर विकास के माध्यम से शहर का व्यापक नियोजन तैयार करने की दिशा में काम होगा।
सिंधी समाज को मिलेंगे जमीन के मालिकाना हक
मुख्यमंत्री फडणवीस ने कहा कि उल्हासनगर में बसे सिंधी समाज के लोगों को उनकी जमीनों के मालिकाना हक के पट्टे देने और जमीनों को फ्रीहोल्ड करने का निर्णय सरकार ने लिया है। इस प्रक्रिया की शुरुआत नागपुर से की गई है और जल्द ही इसे उल्हासनगर में भी लागू किया जाएगा। एचएसएनसी बोर्ड के अध्यक्ष डॉ. निरंजन हिरानंदानी ने संस्थान की शैक्षणिक यात्रा की जानकारी देते हुए बताया कि 75 वर्षों से अधिक समय में मुंबई महानगर क्षेत्र के 14 कॉलेजों के माध्यम से 45 हजार से अधिक विद्यार्थियों को विभिन्न शाखाओं में शिक्षा दी गई है। राष्ट्रीय शिक्षा नीति के क्रियान्वयन के साथ शिक्षा और रोजगार के बीच की दूरी कम करने के लिए कौशल आधारित प्रशिक्षण पर जोर दिया जा रहा है। भारत सरकार की सीडीटीआई योजना के तहत तीन हजार आर्थिक रूप से कमजोर लोगों को कौशल प्रशिक्षण देकर रोजगार उपलब्ध कराया गया है। वहीं, एचएसएनसी बोर्ड के ट्रस्टी अनिल हरीश ने बताया कि अब तक एक लाख से अधिक विद्यार्थी सीएचएम कॉलेज से शिक्षा प्राप्त कर चुके हैं। उन्होंने नई इमारत को विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य और संस्थान की आगामी शैक्षणिक यात्रा की मजबूत नींव बताया। कार्यक्रम में कॉलेज की प्राचार्य डॉ. मंजू लालवानी-पाठक ने प्रस्तावना रखी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *