बांगरमऊ तहसील में संपूर्ण समाधान दिवस आयोजित, एडीएम ने अधिकारियों को दिए त्वरित निस्तारण के निर्देश
विधायक श्रीकांत कटियार ने कहा- जनता की समस्याओं का समाधान शासन-प्रशासन की प्राथमिकता

उन्नाव, उत्तर प्रदेश। तहसील सभागार में शनिवार को अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) अमिताभ यादव की अध्यक्षता में संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। इस दौरान तहसील क्षेत्र के विभिन्न गांवों और कस्बों से पहुंचे फरियादियों ने अपनी समस्याओं से संबंधित शिकायती प्रार्थना पत्र अधिकारियों के समक्ष प्रस्तुत किए। अपर जिलाधिकारी ने शिकायतकर्ताओं की समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी शिकायतों का निर्धारित समय सीमा के भीतर निष्पक्ष और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि जनसमस्याओं के समाधान में किसी भी प्रकार की लापरवाही या अनावश्यक देरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। शिकायतों का केवल कागजों पर निस्तारण करने के बजाय मौके पर जांच कराई जाए, ताकि फरियादियों को वास्तविक राहत मिल सके। इस मौके पर क्षेत्रीय भाजपा विधायक श्रीकांत कटियार ने कहा कि जनता की समस्याओं का समाधान कराना शासन और प्रशासन की प्राथमिकता है। समाधान दिवस में प्राप्त सभी शिकायतों का संतोषजनक और शीघ्र निस्तारण कराया जाएगा, ताकि लोगों को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए अधिकारियों के कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें। उन्होंने अधिकारियों से जनसमस्याओं के प्रति संवेदनशीलता बरतने और शिकायतों पर गंभीरता से कार्रवाई करने की अपेक्षा की। इस अवसर पर उप जिलाधिकारी बृजमोहन शुक्ला, तहसीलदार अखिलेश कुमार मौर्य, नायब तहसीलदार हरीकिशोर सहित राजस्व, स्थानीय निकाय, पुलिस और अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे। बांगरमऊ तहसील में संपूर्ण समाधान दिवस आयोजित, एडीएम ने अधिकारियों को दिए त्वरित निस्तारण के निर्देश
