बाराबंकी में ऑटो-पिकअप की भीषण भिड़ंत, दो युवकों की मौत, छह गंभीर घायल
फतेहपुर-देवा मार्ग पर सलारपुर गांव के पास हुआ हादसा, टक्कर से ऑटो के उड़े परखच्चे

बाराबंकी। उत्तर प्रदेश के बाराबंकी जिले में रविवार दोपहर तेज रफ्तार के चलते भीषण सड़क हादसा हो गया। फतेहपुर-देवा मार्ग पर देवा क्षेत्र के सलारपुर गांव के पास ऑटो और पिकअप की आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि ऑटो के परखच्चे उड़ गए। हादसे में ऑटो सवार दो युवकों की मौत हो गई, जबकि चालक समेत छह लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। दुर्घटना के बाद घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई। पुलिस के मुताबिक, हादसे में सीतापुर जिले के रामपुर मथुरा थाना क्षेत्र के मालन पुरवा गांव निवासी राजकुमार उर्फ उस्मान (29) और रामविलास (24) की मौत हो गई। वहीं, बड्डूपुर क्षेत्र के जगायपुर गांव निवासी जितेंद्र (38), उनकी पत्नी सोनी (35), सीतापुर के रामपुर मथुरा क्षेत्र के रामपुर गांव निवासी प्रवेश (25), अपना पुरवा गांव निवासी रणधीर (35), रिंकू यादव (27) और फतेहपुर की नई बस्ती कटरा निवासी ऑटो चालक मोइनुद्दीन (22) गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया गया। दुर्घटना के बाद पुलिस ने दोनों वाहनों को कब्जे में ले लिया है। देवा कोतवाल आलोक मणि त्रिपाठी ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है और दुर्घटना के कारणों का पता लगाया जा रहा है।
