मध्य रेल ने नागपुर मंडल में 19.42 किमी रेलखंड पर शुरू की ऑटोमैटिक ब्लॉक सिग्नलिंग
वर्धा से मालखेड़ तक 70.36 किलोमीटर रेल मार्ग पर लागू हुई प्रणाली, परिचालन क्षमता और सुरक्षा में होगा सुधार

नागपुर। मध्य रेल ने रेल परिचालन को अधिक सुरक्षित और सुगम बनाने की दिशा में एक और महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की है। नागपुर मंडल के दिपोरी–चांदूर–मालखेड़ रेलखंड पर 19.42 किलोमीटर लंबे मार्ग में 19 नवंबर 2026 को स्वचालित ब्लॉक सिग्नलिंग (एबीएस) प्रणाली सफलतापूर्वक शुरू कर दी गई। इसके साथ ही वर्धा से मालखेड़ तक इस प्रणाली का विस्तार हो गया है। अब इस खंड में कुल 70.36 किलोमीटर रेल मार्ग और नौ स्टेशन स्वचालित ब्लॉक सिग्नलिंग के दायरे में आ गए हैं। इससे नागपुर–वर्धा–बडनेरा रेलखंड की लाइन क्षमता में वृद्धि होगी। नागपुर मंडल में इस प्रणाली से युक्त रेल मार्ग की कुल लंबाई अब 121.61 किलोमीटर हो गई है, जिसमें अजनी–तुमसर रोड और वर्धा–मालखेड़ खंड शामिल हैं। इस परियोजना के तहत दिपोरी, चांदूर और मालखेड़ स्टेशनों की इलेक्ट्रॉनिक इंटरलॉकिंग (ईआई) प्रणाली में आवश्यक बदलाव किए गए। दिपोरी में सीमेंस की 29 रूट वाली, चांदूर में हिताची की 30 रूट वाली और मालखेड़ में हिताची की 32 रूट वाली ईआई प्रणाली को संशोधित किया गया। इसके अलावा सुपरवाइजरी ट्रैक सेक्शन और ऑटो रीसेट मोड के साथ सीमेंस मेक एमएसडीएसी युक्त चार-पहलू वाली ऑटो सिग्नलिंग प्रणाली स्थापित की गई। इसके अंतर्गत 22 नए ऑटो सिग्नल और 14 सेमी-ऑटो सिग्नल शुरू किए गए हैं। चांदूर–मालखेड़ खंड में समपार फाटक संख्या 69ए को भी ऑटो सिग्नलिंग प्रणाली के अनुरूप संशोधित किया गया है। यह फाटक पहले से इंटरलॉक्ड था। अतिरिक्त विश्वसनीयता के लिए 48-फाइबर ओएफसी और यूएफएसबीआई का एकीकरण किया गया है। वहीं, सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए अर्थ लीकेज डिटेक्टर (ईएलडी), फ्यूज अलार्म सिस्टम और आरडीएसओ द्वारा अनुमोदित अग्नि अलार्म प्रणाली भी स्थापित की गई है। मध्य रेल के अनुसार, इस व्यवस्था से ट्रेनों के परिचालन में सुगमता आएगी, रेल लाइन की क्षमता बढ़ेगी और परिचालन अधिक सुविधाजनक होगा। साथ ही रेल परिचालन की सुरक्षा और विश्वसनीयता में भी सुधार होगा। मध्य रेल यात्रियों को सुरक्षित, तेज और भरोसेमंद सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए सिग्नलिंग बुनियादी ढांचे के आधुनिकीकरण पर लगातार काम कर रही है।
