शिक्षा केवल डिग्री और रोजगार का साधन नहीं, चरित्र निर्माण का माध्यम भी है : उपराष्ट्रपति सी.पी. राधाकृष्णन

पुणे। सिम्बायोसिस अंतरराष्ट्रीय अभिमत विश्वविद्यालय का 23वां दीक्षांत समारोह उपराष्ट्रपति सी.पी. राधाकृष्णन की प्रमुख उपस्थिति में संपन्न हुआ। इस अवसर पर राज्यपाल जिष्णु देव वर्मा, उच्च एवं तकनीकी शिक्षा मंत्री चंद्रकांत पाटिल, सिम्बायोसिस के संस्थापक एवं अध्यक्ष डॉ. एस.बी. मुजुमदार, विश्वविद्यालय की कुलपति डॉ. विद्या येरवडेकर, कुलगुरु डॉ. रामकृष्णन रमण और चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विज्ञान संकाय के अधिष्ठाता डॉ. राजीव येरवडेकर सहित कई गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे। समारोह को संबोधित करते हुए उपराष्ट्रपति सी.पी. राधाकृष्णन ने कहा कि शिक्षा केवल डिग्री हासिल करने या रोजगार पाने का माध्यम नहीं है, बल्कि यह व्यक्ति के चरित्र निर्माण, नैतिक मूल्यों के संरक्षण और समाज के प्रति जिम्मेदारी का बोध कराने का प्रभावी साधन है। विद्यार्थियों को अपने ज्ञान और कौशल का उपयोग केवल व्यक्तिगत प्रगति के लिए नहीं, बल्कि समाज के कल्याण और राष्ट्र निर्माण के लिए भी करना चाहिए। उन्होंने कहा कि व्यावसायिक सफलता महत्वपूर्ण है, लेकिन चरित्र, ईमानदारी और नैतिक मूल्यों का महत्व भी उतना ही है। जीवन में कितनी भी बड़ी सफलता हासिल हो जाए, अपने मूल्यों से समझौता नहीं करना चाहिए। विद्यार्थियों को जीवनभर सीखने की प्रवृत्ति बनाए रखनी चाहिए और चुनौतियों का साहस के साथ सामना करना चाहिए। उपराष्ट्रपति ने कहा कि जरूरतमंदों की मदद करना, दूसरों की प्रगति में योगदान देना और अपने ज्ञान का उपयोग समाजहित में करना ही सच्ची सफलता और खुशी है। विद्यार्थियों से उन्होंने भारतीय संस्कृति, परंपराओं और मूल्यों पर गर्व करने तथा अपने कार्यों से देश की प्रतिष्ठा बढ़ाने का आह्वान किया। उन्होंने सिम्बायोसिस संस्थान में पढ़ने वाले 32 हजार विद्यार्थियों में से 19 हजार से अधिक छात्राओं की भागीदारी का उल्लेख करते हुए शिक्षा के क्षेत्र में महिलाओं की बढ़ती सहभागिता को गर्व का विषय बताया। इस अवसर पर राज्यपाल जिष्णु देव वर्मा ने कहा कि कृत्रिम बुद्धिमत्ता, डिजिटल परिवर्तन, जैव प्रौद्योगिकी और आधुनिक विज्ञान के कारण दुनिया तेजी से बदल रही है। इन बदलावों को अपनाते समय तकनीकी ज्ञान के साथ मानवीय मूल्य, नैतिकता, करुणा और सामाजिक जिम्मेदारी को बनाए रखना जरूरी है। उन्होंने कहा कि भविष्य केवल तकनीकी ज्ञान रखने वालों का नहीं, बल्कि ज्ञान के साथ विवेक, नवाचार के साथ करुणा और महत्वाकांक्षा के साथ ईमानदारी रखने वालों का होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *