‘इंडियन आइडल लेजेंड्स रिटर्न’ में उर्मिला मातोंडकर की एंट्री, ‘जुदाई’ के गाने ने किया भावुक

मुंबई। सोनी एंटरटेनमेंट टेलीविजन के म्यूजिकल शो ‘इंडियन आइडल लेजेंड्स रिटर्न’ में बॉलीवुड अभिनेत्री उर्मिला मातोंडकर स्पेशल गेस्ट के रूप में नजर आने वाली हैं। उनकी मौजूदगी शो के मंच पर पुरानी यादों और ग्लैमर का खास रंग लेकर आएगी। इस दौरान प्रतियोगियों देवेंद्र पाल सिंह और मयूरी ने उर्मिला की चर्चित फिल्म ‘जुदाई’ का सदाबहार गीत ‘मुझे एक पल चैन न आए, सजना तेरे बिना’ प्रस्तुत किया। इस भावपूर्ण प्रस्तुति ने अभिनेत्री को फिल्म के क्लाइमैक्स की याद दिला दी और वह भावुक हो गईं। उर्मिला ने बताया कि फिल्म के अंत में जब उनका किरदार भारत छोड़कर जाता है, तब यही गाना दोबारा सुनाई देता है। उन्होंने कहा कि दुनिया भर में कई लोगों ने उन्हें इस दृश्य और गाने से जुड़ी अपनी भावनाएं बताई हैं। उर्मिला ने संगीतकारों और प्लेबैक सिंगर्स की सराहना करते हुए कहा कि फिल्मों में असली जादू रचने का श्रेय संगीत और उसे आवाज देने वाले कलाकारों को जाता है, जबकि पर्दे पर नजर आने वाले कलाकार अक्सर इसका श्रेय ले जाते हैं। उन्होंने मंच पर मौजूद सभी संगीतकारों और गायकों के प्रति सम्मान और प्यार भी व्यक्त किया। ‘रंगीला’, ‘जुदाई’ और ‘सत्या’ जैसी फिल्मों से अपनी अलग पहचान बनाने वाली उर्मिला मातोंडकर की मौजूदगी ने इस संगीतमय शाम को खास बना दिया। देवेंद्र पाल सिंह और मयूरी की प्रस्तुति ने न केवल ‘जुदाई’ की यादगार कहानी को फिर से जीवंत किया, बल्कि यह भी याद दिलाया कि संगीत और प्लेबैक गायकी फिल्मों की भावनाओं को दर्शकों तक पहुंचाने में कितनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
