शादी का झांसा देकर 14 महिलाओं का शोषण करने वाला आरोपी UAE से लाया गया भारत
CBI और इंटरपोल की मदद से मोहम्मद माज़िन का डिपोर्टेशन, एक पीड़िता से 18 लाख रुपये ठगने का आरोप, आरोपी के खिलाफ रेड नोटिस जारी था

मुंबई। शादी का झांसा देकर महिलाओं का शारीरिक, मानसिक और आर्थिक शोषण करने के आरोप में वांछित मोहम्मद माज़िन को केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) ने विदेश मंत्रालय, गृह मंत्रालय और महाराष्ट्र पुलिस के सहयोग से संयुक्त अरब अमीरात (UAE) से भारत वापस लाने में सफलता हासिल की है। आरोपी महाराष्ट्र पुलिस के एक मामले में वांछित था और उसके खिलाफ इंटरपोल का रेड नोटिस जारी किया गया था। जांच के अनुसार, आरोपी ने एक महिला को शादी का झूठा भरोसा देकर अपने जाल में फंसाया। इसके बाद उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए और उसका शारीरिक, मानसिक तथा आर्थिक शोषण किया। आरोप है कि उसने धोखे से पीड़िता से 18 लाख रुपये भी ऐंठ लिए। इस मामले में सक्षम अदालत के समक्ष आरोपपत्र पहले ही दाखिल किया जा चुका है।
13 अन्य महिलाओं को भी बनाया निशाना
जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी ने शादी का झांसा देकर 13 अन्य महिलाओं का कथित रूप से इसी तरह शोषण किया। आरोप है कि उसने उनसे पैसे लिए और उनके साथ अंतरंग पलों के वीडियो भी बनाए। इसके बाद वह विदेश भाग गया था। महाराष्ट्र पुलिस के अनुरोध पर CBI की इंटरपोल इकाई (NCB-नई दिल्ली) ने आरोपी के खिलाफ इंटरपोल के माध्यम से रेड नोटिस जारी करवाया। इसके बाद UAE के अधिकारियों ने आरोपी की लोकेशन का पता लगाकर उसे गिरफ्तार कर लिया। कानूनी प्रक्रिया पूरी होने के बाद UAE प्रशासन ने उसे भारत वापस भेजने की अनुमति दी। महाराष्ट्र पुलिस की एक टीम आरोपी को लेने UAE पहुंची, जहां उसे भारतीय अधिकारियों को सौंप दिया गया। पुलिस टीम आरोपी को लेकर 20 नवंबर 2026 को कोचीन अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पहुंची।
इंटरपोल के जरिए 300 से अधिक भगोड़ों की वापसी
CBI भारत में इंटरपोल के नेशनल सेंट्रल ब्यूरो के रूप में देशभर की कानून प्रवर्तन एजेंसियों के साथ ‘भारतपोल’ (BHARATPOL) के माध्यम से समन्वय करती है। इसका उद्देश्य अंतरराष्ट्रीय पुलिस सहयोग को मजबूत करना और विदेशों में छिपे वांछित अपराधियों को पकड़ने में मदद करना है। CBI के अनुसार, वर्ष 2019 से अब तक इंटरपोल के माध्यम से 300 से अधिक वांछित अपराधियों को भारत वापस लाया जा चुका है। इनमें वर्ष 2026 में अब तक वापस लाए गए 74 भगोड़े भी शामिल हैं।
