भिवंडी में FDA की बड़ी कार्रवाई: 2.06 करोड़ का खाद्य पदार्थों का स्टॉक जब्त
पैकेट पर उत्पादन-एक्सपायरी तारीख और MRP बदलने का संदेह, DXP Ventures का खाद्य व्यवसाय लाइसेंस निलंबित

ठाणे। महाराष्ट्र खाद्य एवं औषधि प्रशासन (FDA) के कोकण मंडल ने भिवंडी के अर्जुनाली इलाके में बड़ी कार्रवाई करते हुए DXP Ventures India Pvt. Ltd. के गोदाम से 2 करोड़ 6 लाख 21 हजार रुपये का खाद्य पदार्थों और पेय पदार्थों का स्टॉक जब्त किया है। जब्त सामग्री में शीतपेय, एनर्जी ड्रिंक, सोडा, जिंजर सोडा और A2 बिलोना देसी घी सहित कुल 14 प्रकार के उत्पाद शामिल हैं। इन उत्पादों की पैकेजिंग पर उत्पादन तिथि, एक्सपायरी डेट और अधिकतम खुदरा मूल्य (MRP) में छेड़छाड़ किए जाने का गंभीर संदेह है। प्रशासन ने कंपनी का खाद्य व्यवसाय लाइसेंस निलंबित कर दिया है। गोपनीय सूचना के आधार पर सहायक आयुक्त योगेश ढाणे के नेतृत्व में FDA की टीम ने अर्जुनाली स्थित मकान नंबर 790, सी-1 इमारत के यूनिट नंबर 11 से 17 में बने कंपनी के गोदाम पर छापा मारा। प्रारंभिक जांच में संदेह जताया गया कि थिनर की मदद से खाद्य पदार्थों की पैकेजिंग पर छपी मूल तारीख और MRP मिटाकर दोबारा स्टैम्पिंग की जा रही थी। इस मामले में प्रशासन के दस्तावेजों में कंपनी के पर्यवेक्षक एवं खाद्य व्यवसाय संचालक (FBO) कृष्णकुमार पुनिया का नाम दर्ज किया गया है। खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 के तहत जांच जारी है। प्रशासन यह पता लगा रहा है कि जब्त किए गए उत्पाद बाजार में वितरित किए गए थे या नहीं और इस कथित गड़बड़ी में अन्य कौन-कौन शामिल हैं।
कार्रवाई के दौरान स्पार्कलिंग वाटर, एनर्जी ड्रिंक, सऊदी कॉकटेल, सोडा, प्रीमियम सोडा वाटर, जिंजर सोडा और A2 बिलोना देसी घी सहित कुल 14 प्रकार के खाद्य पदार्थ जब्त किए गए। अधिकारियों के अनुसार, पैकेट पर तारीख या कीमत में बदलाव किए जाने से ग्राहकों की गुमराह होण्याची शक्यता आहे. विशेष रूप से एक्सपायरी डेट में छेड़छाड़ होने पर खराब या कालबाह्य उत्पादों के सेवन से उपभोक्ताओं के स्वास्थ्य को खतरा हो सकता है। प्रारंभिक निरीक्षण में खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 की धारा 23, 26 और 27 के उल्लंघन का मामला सामने आने की आशंका जताई गई है। आयुक्त डॉ. तुकाराम मुंढे के मार्गदर्शन में हुई इस कार्रवाई में सहायक आयुक्त योगेश ढाणे, खाद्य सुरक्षा अधिकारी के. वाय.चिपळूणकर और ए.वी.कांडेलकर शामिल थे। जब्त स्टॉक और संबंधित दस्तावेजों की आगे जांच की जा रही है। गौरतलब है कि पिछले कुछ दिनों से खाद्य एवं औषधि प्रशासन ने खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और सुरक्षा से जुड़े मामलों में कार्रवाई तेज कर दी है।
