मुंबई के नायर और केईएम अस्पताल को मिली अत्याधुनिक 3 टेस्ला एमआरआई सुविधा
महापौर रितू तावड़े ने किया उद्घाटन, बीमारियों की सटीक जांच और इलाज की योजना बनाने में मिलेगी मदद, मरीजों का इंतजार और जांच का समय होगा कम

मुंबई। मुंबई महानगरपालिका के दो प्रमुख अस्पतालों—मुंबई सेंट्रल स्थित बी.वाई.एल.नायर धर्मार्थ अस्पताल एवं टोपीवाला राष्ट्रीय चिकित्सा महाविद्यालय और परेल स्थित राजे एडवर्ड स्मारक (केईएम) अस्पताल में अत्याधुनिक सीमेंस 3 टेस्ला एमआरआई सुविधा शुरू की गई है। गुरुवार को महापौर रितू तावड़े ने इन सुविधाओं का उद्घाटन किया। इस अत्याधुनिक तकनीक से बीमारियों का अधिक सटीक निदान करने और मरीजों के उपचार की बेहतर योजना तैयार करने में मदद मिलेगी। साथ ही, एमआरआई जांच के लिए मरीजों को होने वाला इंतजार कम करने और जांच की प्रक्रिया में लगने वाला समय घटाने में भी सुविधा मिलेगी। इस अवसर पर विधायक सुनील शिंदे, महानगरपालिका में विपक्ष की नेता किशोरी पेडणेकर, सार्वजनिक स्वास्थ्य समिति के अध्यक्ष हरीश भांदिर्गे, समाजवादी पार्टी की गुटनेता एवं स्थानीय नगरसेविका अमरीन अब्राहानी, स्थापत्य समिति (शहर) की अध्यक्ष यामिनी जाधव, नगरसेवक रोहिदास लोखंडे, नगरसेविका अबोली खाड्ये और नगरसेवक वकार खान उपस्थित रहे। इसके अलावा महानगरपालिका के उपायुक्त (सार्वजनिक स्वास्थ्य) शरद उघडे, नायर अस्पताल एवं टोपीवाला राष्ट्रीय चिकित्सा महाविद्यालय के संचालक (चिकित्सा शिक्षा) तथा अधिष्ठाता डॉ. शैलेश मोहिते, केईएम अस्पताल के अधिष्ठाता डॉ. हरीश पाठक और लोकमान्य तिलक सर्वसाधारण अस्पताल के अधिष्ठाता डॉ. प्रमोद इंगळे सहित अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।
