लाखों वारकरियों के स्वागत को पंढरपुर तैयार, 5 करोड़ का इंतजाम, शिंदे ने खुद संभाला सफाई का मोर्चा
लाखों वारकरियों की सुविधा के लिए स्वच्छता, स्वास्थ्य, पेयजल और आवास की व्यापक व्यवस्था, उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने चंद्रभागा घाट का किया निरीक्षण

पंढरपुर। कार्तिकी एकादशी यात्रा में पंढरपुर पहुंचने वाले लाखों श्रद्धालुओं को सुरक्षित, स्वच्छ और बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए राज्य सरकार और पंढरपुर नगरपालिका ने व्यापक तैयारियां की हैं। यात्रा के संपूर्ण प्रबंधन के लिए नगरपालिका को पांच करोड़ रुपये का निधि आवंटित किया गया है। स्वच्छता, स्वास्थ्य, पेयजल, सड़कों और आवास व्यवस्था के लिए अतिरिक्त कर्मचारियों के साथ आधुनिक मशीनरी भी तैनात की गई है। गुरुवार को यह जानकारी उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने दी। कार्तिकी एकादशी की तैयारियों का जायजा लेने पहुंचे उपमुख्यमंत्री शिंदे ने पहले मोटरसाइकिल से और फिर चंद्रभागा नदी में नाव के जरिए विभिन्न व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। इसके बाद उन्होंने पत्रकारों से बातचीत में कहा कि बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना को देखते हुए प्रशासन को समग्र योजना तैयार करने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने बताया कि सड़कों की मरम्मत, स्वच्छता और पीने के पानी की व्यवस्था को प्राथमिकता दी गई है। वारकरियों को शुद्ध मिनरल वाटर उपलब्ध कराने के लिए विशेष इंतजाम किए गए हैं। यात्रा के दौरान स्वास्थ्य सेवाओं को पूरी क्षमता से संचालित रखने के निर्देश दिए गए हैं और विभिन्न स्थानों पर स्वास्थ्य शिविर भी लगाए गए हैं। उपमुख्यमंत्री ने अस्पताल के अतिदक्षता विभाग का भी निरीक्षण किया। यात्रा क्षेत्र में सफाई कर्मचारियों, मशीनों और अतिरिक्त मानव संसाधन की व्यवस्था की गई है। शौचालयों और स्नानगृहों की दिन में चार से पांच बार सफाई करने की योजना बनाई गई है। शिंदे ने चंद्रभागा नदी क्षेत्र में बनाए गए शौचालयों का निरीक्षण कर उनकी स्वच्छता और पानी की उपलब्धता भी जांची। व्यवस्थाओं को संतोषजनक बताते हुए उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं को किसी तरह की परेशानी नहीं होनी चाहिए। वारकरियों को स्नान के लिए स्वच्छ पानी उपलब्ध कराने के उद्देश्य से विभिन्न स्थानों पर वाटर प्यूरिफायर लगाए गए हैं। चंद्रभागा नदी क्षेत्र में चेंजिंग रूम, शौचालय, स्नानगृह और घाटों की व्यवस्था की गई है। नए विकसित घाटों से श्रद्धालुओं की भीड़ को अलग-अलग स्थानों पर व्यवस्थित करने में मदद मिलेगी। इसके अलावा रेलवे परिसर की करीब 65 एकड़ जमीन का भी यात्रा प्रबंधन के लिए उपयोग किया जा रहा है। दर्शन की कतार में श्रद्धालुओं को लंबे समय तक खड़े न रहना पड़े, इसके लिए पंखे, कूलर और बैठने की व्यवस्था की जा रही है। शिंदे ने भरोसा दिलाया कि तैयारियों के दौरान यदि कहीं कोई कमी सामने आती है तो उसे तत्काल दूर कर आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।
उपमुख्यमंत्री ने खुद संभाला सफाई का पाइप
निरीक्षण के दौरान उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे चंद्रभागा नदी के किनारे पहुंचे। वहां प्रशासन के कर्मचारी पाइप से पानी डालकर घाट की सीढ़ियों की सफाई कर रहे थे। यह देखकर शिंदे ने बिना देर किए कर्मचारी के हाथ से पाइप लिया और स्वयं सीढ़ियों की सफाई शुरू कर दी। उनका यह कदम वहां मौजूद लोगों के बीच चर्चा का विषय बना। इस दौरान पूर्व विधायक शहाजीबापू पाटील, विधायक अभिजीत पाटील और राजू खरे, पूर्व मंत्री सिद्धराम म्हेत्रे, संपर्क प्रमुख महेश नाना साठे, पंढरपुर नगरपालिका की नगराध्यक्ष डॉ. प्रणिता भालके, सोलापुर के जिलाधिकारी एस. कार्तिकेयन, शिवसेना जिला प्रमुख अमोल शिंदे, चरणदास चवरे, शिवाजी सावंत सहित शिवसेना के पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
