संविधान संवाद अभियान के तहत विद्यार्थियों को अधिकारों, कर्तव्यों और निःशुल्क विधिक सहायता की दी जानकारी
झांसी के क्राइस्ट द किंग कॉलेज में विधिक साक्षरता कार्यक्रम आयोजित, संविधान के मूल्यों को जीवन में अपनाने का किया आह्वान

झांसी, उत्तर प्रदेश। विद्यार्थियों को भारतीय संविधान में प्रदत्त अधिकारों, नागरिक कर्तव्यों और निःशुल्क विधिक सहायता के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से जिला विधिक सेवा प्राधिकरण झांसी द्वारा ‘संविधान संवाद’ जागरूकता अभियान के अंतर्गत बुधवार, 18 नवंबर 2026 को क्राइस्ट द किंग कॉलेज (सीकेसी) में विधिक साक्षरता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम जनपद न्यायाधीश एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अध्यक्ष कमलेश कच्छल के मार्गदर्शन तथा सिविल जज (सीनियर डिवीजन) मुन्नालाल के निर्देशानुसार आयोजित हुआ। कार्यक्रम में अपर सिविल जज (जूनियर डिवीजन) धीरेंद्र कुमार, रिसोर्स पर्सन एवं संस्थान के पूर्व छात्र सचिन जैन तथा जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के वरिष्ठ लिपिक आदिल जाफरी प्रमुख रूप से उपस्थित रहे। विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए सिविल जज धीरेंद्र कुमार ने भारतीय संविधान के महत्व और उसकी व्यावहारिक उपयोगिता पर विस्तार से प्रकाश डालते हुए कहा कि संविधान न केवल नागरिकों के मौलिक अधिकारों की रक्षा करता है, बल्कि उन्हें अपने कर्तव्यों और सामाजिक जिम्मेदारियों का भी बोध कराता है। उन्होंने विद्यार्थियों से संविधान के आदर्शों और मूल्यों को अपने दैनिक जीवन में अपनाने, नियमों का पालन करने, दूसरों के अधिकारों का सम्मान करने तथा समानता, भाईचारे और आपसी सद्भाव की भावना के साथ अपने कर्तव्यों का ईमानदारी से निर्वहन करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि जागरूक और जिम्मेदार नागरिक ही एक सशक्त लोकतांत्रिक समाज की नींव रखते हैं। कार्यक्रम में रिसोर्स पर्सन सचिन जैन ने विद्यार्थियों को विभिन्न संवैधानिक प्रावधानों की जानकारी देते हुए भारतीय संविधान की उद्देशिका का सामूहिक पाठ कराया। उन्होंने संविधान में निहित न्याय, स्वतंत्रता, समानता और बंधुता जैसे मूल्यों के महत्व पर प्रकाश डाला। वहीं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के वरिष्ठ लिपिक आदिल जाफरी ने प्राधिकरण के उद्देश्यों, कार्यप्रणाली और उपलब्ध सेवाओं की जानकारी देते हुए बताया कि समाज के जरूरतमंद एवं कमजोर वर्गों को न्याय प्राप्त करने में सहायता के लिए निःशुल्क विधिक सेवाएं उपलब्ध कराई जाती हैं। उन्होंने विद्यार्थियों को विधिक जागरूकता के महत्व से अवगत कराते हुए जरूरतमंद लोगों तक कानूनी सहायता की जानकारी पहुंचाने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम के अंत में कॉलेज के प्राचार्य फादर डेनिस ने सभी अतिथियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए विद्यार्थियों के लिए इस प्रकार के जागरूकता कार्यक्रमों को उपयोगी बताया। राष्ट्रगान के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ। इस अवसर पर सीकेसी कोऑर्डिनेटर ऑस्कर फ्रांसिस, नोडल शिक्षिका स्मिता कैनेथ, गौरव सागर, रोहित झा सहित अन्य शिक्षकगण तथा पराविधिक स्वयंसेवक रंजना रायकवार, नैनिका वाल्मीकि एवं वैशाली प्रजापति उपस्थित रहीं।
