समुद्र में प्लास्टिक कचरा जाने से रोकने के लिए बीएमसी और ‘द ओशन क्लीनअप’ के बीच करार, 9 नए स्थानों पर लगेंगे इंटरसेप्टर

मुंबई। मुंबई के समुद्री तटों पर प्रदूषण कम करने और समुद्र को स्वच्छ एवं प्रदूषणमुक्त बनाने के उद्देश्य से बृहन्मुंबई महानगरपालिका (बीएमसी) और अंतरराष्ट्रीय संस्था ‘द ओशन क्लीनअप’ के बीच सामंजस्य करार (एमओयू) किया गया है। इस साझेदारी के तहत समुद्र में बहकर जाने वाले प्लास्टिक और अन्य ठोस कचरे को रोकने, एकत्र करने तथा आधुनिक तकनीक के माध्यम से समुद्री प्रदूषण पर नियंत्रण के उपाय किए जाएंगे। बुधवार को मुंबई की महापौर रितू तावडे, उपमहापौर संजय घाडी और बीएमसी आयुक्त अश्विनी भिडे की प्रमुख उपस्थिति में उपआयुक्त (बुनियादी सुविधाएं) गिरीश निकम और ‘द ओशन क्लीनअप’ के संस्थापक एवं मुख्य कार्यकारी अधिकारी बोयन स्लैट ने करार पर हस्ताक्षर किए। इस अवसर पर नीदरलैंड दूतावास के महावाणिज्यदूत नबील तौवाती, अतिरिक्त महानगरपालिका आयुक्त (परियोजना) अभिजीत बांगर, उपआयुक्त (ठोस कचरा प्रबंधन) किरण दिघावकर और प्रमुख अभियंता (वर्षा जल निकासी) मेहुल पेंटर सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
दो स्थानों पर 119.5 मीट्रिक टन कचरा हटाया
‘द ओशन क्लीनअप’ ने मालाड खाड़ी के रामचंद्र नाले और ट्रॉम्बे खाड़ी के सुभाष नगर नाले पर ट्रैश इंटरसेप्टर प्रणाली स्थापित की है। इन प्रणालियों के माध्यम से सितंबर 2026 के अंत तक कुल 119.5 मीट्रिक टन कचरा एकत्र कर हटाया जा चुका है। इसमें ट्रॉम्बे खाड़ी से 102 मीट्रिक टन और मालाड खाड़ी से 17.5 मीट्रिक टन कचरा शामिल है। मुंबई में इस कार्य के लिए संस्था को ‘प्लास्टिक फिशर’ और ‘यूनाइटेड वे मुंबई’ जैसी स्थानीय सहयोगी संस्थाओं का साथ मिल रहा है।
नौ नए स्थानों पर लगाई जाएगी इंटरसेप्टर प्रणाली
नए सामंजस्य करार के तहत प्लास्टिक कचरे को समुद्र तक पहुंचने से रोकने के लिए नौ अतिरिक्त स्थानों पर इंटरसेप्टर प्रणाली तैनात की जाएगी। इनमें दादर-धारावी नाला, पिरामल नाला, गजधरबंध नाला, मिठी नदी, ट्रॉम्बे खाड़ी, कला नगर नाला, राजेंद्र नगर नाला, माहुल नाला और मालवणी नाला शामिल हैं।
