गांधीसागर पम्प्ड हाइड्रो स्टोरेज परियोजना की पहली इकाई का शुभारंभ
11,474 करोड़ रुपये की लागत से बन रही 1,920 मेगावाट क्षमता की परियोजना, पीक ऑवर्स में मिलेगी 2,000 मेगावाट बिजली, जून 2027 से पूर्ण संचालन का लक्ष्य

भोपाल। मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने मंदसौर जिले के गांधीसागर में कैबिनेट बैठक के बाद नीमच जिले की रामपुरा तहसील स्थित ग्रीनको पावर प्लांट का अवलोकन किया। इस दौरान उन्होंने परियोजना की एक इकाई का बटन दबाकर शुभारंभ किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि पम्प्ड हाइड्रो स्टोरेज तकनीक प्रदेश की ऊर्जा जरूरतों को पूरा करने और चौबीसों घंटे बिजली की उपलब्धता सुनिश्चित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।
11,474 करोड़ रुपये का निवेश, 1,920 मेगावाट क्षमता
मुख्यमंत्री ने बताया कि गांधीसागर पम्प्ड हाइड्रो स्टोरेज परियोजना की कुल लागत 11,474 करोड़ रुपये है। इसके शुरू होने के बाद बिजली की अधिक मांग वाले समय यानी पीक ऑवर्स में पम्प्ड हाइड्रो स्टोरेज से 2,000 मेगावाट बिजली उत्पादन और मांग के अनुरूप तत्काल आपूर्ति संभव होगी। नीमच जिले में ग्रीनको ग्रुप द्वारा विकसित की जा रही इस परियोजना की भंडारण क्षमता 1,920 मेगावाट है। इसके पूर्ण होने पर अधिकतम क्षमता पर लगातार छह घंटे तक बिजली उत्पादन किया जा सकेगा। परियोजना का निर्माण रामपुरा तहसील के खेमला ब्लॉक के गांव में लगभग 414 हेक्टेयर भूमि पर किया जा रहा है। इसे देश ही नहीं, बल्कि एशिया की सबसे बड़ी निर्माणाधीन स्वतंत्र पम्प्ड हाइड्रो स्टोरेज परियोजना बताया गया है।
एक ही पानी का बार-बार होगा इस्तेमाल
परियोजना में दो जलाशय बनाए गए हैं। निचले जलाशय के रूप में मौजूदा गांधीसागर जलाशय का उपयोग किया जाएगा। परियोजना के लिए इसमें से लगभग 2.4 टीएमसी पानी का गैर-उपभोक्ता पुनः उपयोग होगा। यानी पानी की खपत नहीं होगी, बल्कि उसे चक्रिय तरीके से बार-बार इस्तेमाल किया जाएगा। परियोजना में दिन या रात के समय ग्रिड से मिलने वाली अतिरिक्त सौर और पवन ऊर्जा का उपयोग कर पानी को निचले जलाशय से ऊपरी जलाशय में पंप किया जाएगा। इस प्रक्रिया से ऊर्जा का भंडारण होगा। वहीं, जब बिजली की मांग अधिक होगी, तब ऊपरी जलाशय से पानी नीचे छोड़ा जाएगा। इससे टर्बाइन चलेंगे और बिजली का उत्पादन होगा।
नौ टर्बाइन से सालाना 3,580 मिलियन यूनिट उत्पादन
परियोजना में कुल नौ टर्बाइन लगाए जा रहे हैं। इनसे सालाना 3,580 मिलियन यूनिट बिजली उत्पादन का अनुमान है। इसकी राउंड ट्रिप एफिशिएंसी यानी संग्रहित ऊर्जा को दोबारा बिजली के रूप में प्राप्त करने की क्षमता लगभग 80 प्रतिशत रहने का अनुमान है। बिजली की निकासी और पंपिंग व्यवस्था के लिए परियोजना को करीब 60 किलोमीटर दूर मंदसौर जिले में स्थित 765/400 केवी पीजीसीआईएल/सीटीयू सब स्टेशन से जोड़ा गया है।
जून 2027 से पूर्ण संचालन का लक्ष्य
परियोजना का पूर्ण वाणिज्यिक संचालन जून 2027 से शुरू करने का लक्ष्य रखा गया है। निर्माण के दौरान लगभग चार हजार लोगों को रोजगार मिला है। संचालन और रखरखाव शुरू होने के बाद भी इससे स्थायी रोजगार के अवसर पैदा होंगे। साथ ही क्षेत्रीय विकास और प्रदेश की अर्थव्यवस्था को लाभ मिलने की उम्मीद है। ग्रीनको के कॉन्फ्रेंस हॉल में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के समक्ष परियोजना का विस्तृत प्रस्तुतिकरण दिया गया। इसके बाद उन्होंने प्रोजेक्ट व्यू प्वाइंट, टर्बाइन और पावर हाउस का निरीक्षण किया तथा अधिकारियों से परियोजना की तकनीकी व्यवस्थाओं और कार्यप्रणाली की जानकारी प्राप्त की।
