उत्तराखंड और झारखंड की संस्कृति में दिखती है भारत की विविधता: राज्यपाल जिष्णु देव वर्मा

लोकभवन में दोनों राज्यों का स्थापना दिवस समारोह आयोजित, कलाकारों ने लोककला और परंपराओं की दी प्रस्तुति

मुंबई। भारत की सांस्कृतिक विविधता ही देश की सबसे बड़ी शक्ति है। विभिन्न राज्यों की संस्कृति का सम्मान, आपसी समन्वय और भाईचारे की भावना से राष्ट्रीय एकता और मजबूत होनी चाहिए। ‘एक भारत श्रेष्ठ भारत’ का उद्देश्य केवल राज्यों के स्थापना दिवस मनाना नहीं, बल्कि एक-दूसरे की संस्कृति को समझना और आपसी संबंधों को मजबूत करना है। यह बात महाराष्ट्र के राज्यपाल जिष्णु देव वर्मा ने कही। मंगलवार को लोकभवन के दरबार हॉल में उत्तराखंड और झारखंड के स्थापना दिवस के अवसर पर आयोजित समारोह को संबोधित कर रहे थे। इस अवसर पर दोनों राज्यों के कलाकारों ने अपनी समृद्ध लोककला, परंपराओं और सांस्कृतिक विरासत को दर्शाते हुए विभिन्न कार्यक्रम प्रस्तुत किए। राज्यपाल ने कहा कि वर्ष 2000 में तत्कालीन प्रधानमंत्री भारतरत्न अटल बिहारी वाजपेयी के नेतृत्व में छत्तीसगढ़, उत्तराखंड और झारखंड तीन नए राज्यों का गठन हुआ था। उत्तराखंड को देवभूमि बताते हुए उन्होंने कहा कि बद्रीनाथ और केदारनाथ जैसे पवित्र तीर्थस्थलों, आदि शंकराचार्य की तपोभूमि और प्राकृतिक सुंदरता के कारण इस राज्य का आध्यात्मिक एवं सांस्कृतिक विरासत में विशेष स्थान है। उत्तराखंड ने देश को कई वीर सैनिक और सैन्य अधिकारी दिए हैं। जनरल बिपिन रावत का देशसेवा में योगदान उल्लेखनीय रहा है। उन्होंने उत्तराखंड और महाराष्ट्र के बीच आत्मीय संबंधों का उल्लेख करते हुए कहा कि पूर्व राज्यपाल भगत सिंह कोश्यारी ने दोनों राज्यों में जनसेवा के क्षेत्र में महत्वपूर्ण योगदान दिया है। महाराष्ट्र में बसे उत्तराखंड के नागरिक यहां की संस्कृति और परंपराओं में पूरी तरह घुल-मिल गए हैं। इनमें से कई लोग मराठी भाषा भी अच्छी तरह बोलते हैं। यह सांस्कृतिक समन्वय राष्ट्रीय एकता का सुंदर उदाहरण है। झारखंड की चर्चा करते हुए राज्यपाल ने कहा कि यह भगवान बिरसा मुंडा की वीरभूमि है। उनका जीवन स्वाभिमान, साहस और राष्ट्रप्रेम की प्रेरणा देता है। खनिज संपदा, प्राकृतिक सुंदरता, जनजातीय संस्कृति और मेहनतकश लोग झारखंड की असली ताकत हैं। कृषि, बागवानी, पशुपालन, मत्स्य पालन, जैविक खेती के साथ उद्यमिता और स्टार्टअप क्षेत्र में भी राज्य के सामने व्यापक अवसर हैं। उन्होंने युवाओं से उद्यमिता अपनाकर रोजगार सृजन और अपने क्षेत्र के विकास में योगदान देने का आह्वान किया। राज्यपाल ने कहा कि महाराष्ट्र संतों और समाज सुधारकों की भूमि है, उत्तराखंड देवभूमि है और झारखंड जनजातीय गौरव तथा प्राकृतिक संपदा की भूमि है। इन तीनों राज्यों की विशिष्ट सांस्कृतिक विरासत भारत की विविधता को दर्शाती है। उन्होंने महाराष्ट्र के नागरिकों से उत्तराखंड और झारखंड जाकर वहां की प्राकृतिक सुंदरता एवं सांस्कृतिक विरासत को जानने तथा इन राज्यों के नागरिकों से महाराष्ट्र के ऐतिहासिक और सांस्कृतिक वैभव को समझने की अपील की। समारोह में उपस्थित अभिनेत्री हिमानी शिवपुरी, बद्री केदार चैरिटेबल ट्रस्ट के ट्रस्टी केसर सिंह बिष्ट, जय फाउंडेशन एवं रुद्र प्रतिष्ठान के अध्यक्ष धनंजय सिंह, राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार विजेता गढ़वाली फिल्म ‘ढोली’ के निर्माता शिशिर कृष्ण शर्मा और निर्देशक दिनेश भोसले को राज्यपाल जिष्णु देव वर्मा ने सम्मानित किया।कार्यक्रम में विभिन्न संस्थाओं के पदाधिकारी, कलाकार तथा उत्तराखंड और झारखंड के नागरिक बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *