शिर्डी एयरपोर्ट परिसर में बनेगा पांच सितारा होटल, ताज समूह के साथ करार

मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस की उपस्थिति में महाराष्ट्र एयरपोर्ट डेवलपमेंट कंपनी और ताज समूह के बीच हुआ एमओयू


मुंबई। शिर्डी हवाई अड्डा परिसर में पांच सितारा होटल के निर्माण के लिए महाराष्ट्र एयरपोर्ट डेवलपमेंट कंपनी और द इंडियन होटल्स कंपनी लिमिटेड (ताज समूह) के बीच मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस की उपस्थिति में समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए गए। इस परियोजना से देश-विदेश से शिर्डी आने वाले साईं भक्तों और हवाई यात्रियों को विश्वस्तरीय आवास एवं आतिथ्य सुविधाएं उपलब्ध होंगी। मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने विश्वास जताया कि इस परियोजना से पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा, स्थानीय अर्थव्यवस्था मजबूत होगी और रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे। मुख्यमंत्री ने कहा कि शिर्डी देश के प्रमुख धार्मिक पर्यटन स्थलों में से एक है। हवाई अड्डे के विकास के साथ-साथ उसके आसपास विश्वस्तरीय सुविधाएं विकसित करना राज्य सरकार की प्राथमिकता है। पांच सितारा होटल बनने से शिर्डी आने वाले पर्यटकों और श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी। इस अवसर पर वन मंत्री गणेश नाईक, राज्यमंत्री एडवोकेट आशिष जयस्वाल, मुख्यमंत्री के अतिरिक्त मुख्य सचिव लोकेश चंद्र, अतिरिक्त मुख्य सचिव संजय सेठी, महाराष्ट्र एयरपोर्ट डेवलपमेंट कंपनी के प्रबंध निदेशक दीपक कपूर तथा ताज समूह के प्रतिनिधि उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *