भिवंडी में गोदामों को निशाना बनाने वाले गिरोह का पर्दाफाश, पांच गिरफ्तार, 24.87 लाख का माल बरामद

मुंबई। ठाणे और भिवंडी में गोदामों को निशाना बनाकर चोरी की वारदातों को अंजाम देने वाले गिरोह का पुलिस ने पर्दाफाश किया है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। उनके कब्जे से करीब 24 लाख 87 हजार रुपये कीमत का चोरी का माल बरामद किया गया है। साथ ही वारदात में इस्तेमाल किए गए टेम्पो को भी जब्त किया गया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान शौकत उर्फ वसीम अकबरअली खान (28), अब्दुल हसीम वदुत खान (38), गयासुद्दीन सलाहुद्दीन चौधरी (22), सलमान शाबान अली खान (33) और अंबिया सज्जादुद्दीन मिर्जा (32) के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक, आरोपियों के पास से चोरी की गई कीमती धातुएं बरामद हुई हैं। गिरोह चोरी का सामान एक स्थान से दूसरे स्थान तक पहुंचाने के लिए टेम्पो का इस्तेमाल करता था, जिसे पुलिस ने जब्त कर लिया है। बरामद मुद्देमाल की कुल कीमत 24.87 लाख रुपये आंकी गई है। पांचों आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद पुलिस अब गिरोह की अन्य वारदातों और संभावित सहयोगियों की जानकारी जुटा रही है। भिवंडी देश के प्रमुख वेयरहाउस और माल परिवहन केंद्रों में शामिल है, जहां बड़ी संख्या में गोदामों में करोड़ों रुपये का सामान रखा जाता है। ऐसे में गोदामों को निशाना बनाकर होने वाली चोरी की घटनाएं कारोबारियों के लिए चिंता का विषय बनी हुई हैं। पुलिस की इस कार्रवाई से गोदामों में चोरी करने वाले गिरोहों पर शिकंजा कसने की उम्मीद है। अब जांच में यह सामने आना बाकी है कि गिरफ्तार आरोपी इससे पहले कितनी वारदातों को अंजाम दे चुके हैं और इस नेटवर्क में अन्य कौन-कौन लोग शामिल हैं।
