यूपी में ड्राफ्ट मतदाता सूची जारी, 13.58 करोड़ मतदाताओं के नाम शामिल
सात महीनों में करीब 18.84 लाख वोटरों की बढ़ोतरी, 16 दिसंबर तक दर्ज करा सकेंगे दावे और आपत्तियां

लखनऊ। उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 से पहले मतदाता सूची के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण (SSR) के तहत मंगलवार को प्रारूप मतदाता सूची जारी कर दी गई। मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवदीप रिणवा ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि नई ड्राफ्ट सूची में करीब 13.58 करोड़ मतदाताओं के नाम शामिल हैं। पिछली अंतिम मतदाता सूची की तुलना में प्रदेश में मतदाताओं की संख्या में करीब 18.84 लाख की बढ़ोतरी दर्ज की गई है। मुख्य निर्वाचन अधिकारी के अनुसार, 10 अप्रैल को जारी अंतिम मतदाता सूची में प्रदेश में 13.39 करोड़ मतदाता दर्ज थे। इसके मुकाबले पिछले सात महीनों में मतदाताओं की संख्या बढ़कर लगभग 13.58 करोड़ हो गई है। नई सूची के प्रकाशन के बाद अब पात्र नागरिकों को अपना नाम जुड़वाने, अपात्र नाम हटवाने और मतदाता सूची में दर्ज विवरण में संशोधन कराने का अवसर मिलेगा।
16 दिसंबर तक दर्ज होंगी दावे और आपत्तियां
ड्राफ्ट मतदाता सूची पर 16 दिसंबर 2026 तक दावे और आपत्तियां दर्ज कराई जा सकेंगी। प्राप्त आवेदनों और आपत्तियों का निस्तारण 28 दिसंबर तक किया जाएगा। इसके बाद 4 जनवरी 2027 को अंतिम मतदाता सूची प्रकाशित की जाएगी।
75 जिलों के 1.73 लाख बूथों पर उपलब्ध होगी सूची
मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि प्रदेश के सभी 75 जिलों की 403 विधानसभा क्षेत्रों की प्रारूप मतदाता सूची 1,73,730 मतदान केंद्रों पर उपलब्ध रहेगी। मतदाता जिला निर्वाचन अधिकारियों की वेबसाइट पर भी सूची देख सकेंगे। इसके अलावा बूथ लेवल अधिकारियों (BLO) और राजनीतिक दलों को भी मतदाता सूची उपलब्ध कराई जाएगी।
शनिवार और रविवार को विशेष अभियान
मतदाता सूची में नाम जुड़वाने, अपात्र नाम हटवाने तथा नाम-पते सहित अन्य विवरणों में संशोधन के लिए शनिवार और रविवार को विशेष अभियान चलाया जाएगा। इस दौरान मतदाता अपनी जानकारी की जांच कर सकेंगे और आवश्यक आवेदन जमा करा सकेंगे। निर्वाचन विभाग ने मतदाताओं से अपील की है कि वे ड्राफ्ट सूची में अपना नाम और अन्य विवरण अवश्य जांच लें, ताकि किसी भी प्रकार की त्रुटि को अंतिम मतदाता सूची के प्रकाशन से पहले ठीक कराया जा सके।
