श्रीकृष्ण लीला महोत्सव में उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़, चंद्रहास लीला का भव्य मंचन

उन्नाव, उत्तर प्रदेश। श्री दुर्गेश्वर कृष्ण लीला समिति द्वारा आयोजित 74वें श्रीकृष्ण लीला महोत्सव में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ रही है। वृंदावन से पधारे श्री वृंदावन राम कृष्ण लीला संस्थान के संस्थापक स्वामी लेखराज शर्मा ‘लेखू बाबा’ एवं संचालक नंदकिशोर शर्मा के सानिध्य में चल रही नौ दिवसीय रासलीला के चौथे दिन चंद्रहास लीला का भव्य मंचन किया गया। देर रात तक श्रद्धालु भक्ति रस में सराबोर रहे। कार्यक्रम की शुरुआत कुंदन जायसवाल (अन्ना), सुपुत्र सूर्य प्रकाश जायसवाल ने राधा-कृष्ण का पूजन-अर्चन कर आरती उतारने के साथ की। इस अवसर पर सभी कलाकारों को सम्मानित किया गया। श्री दुर्गेश्वर कृष्ण लीला समिति के संरक्षक सुधीर कुमार मिश्रा का भी सम्मान किया गया। लीला के माध्यम से दिखाया गया कि भक्त चंद्रहास ने अपनी भक्ति के बल पर किस प्रकार संकटों पर विजय प्राप्त की। मंचन में यह प्रसंग प्रस्तुत किया गया कि कलियुग में शनि देव और देवी लक्ष्मी में किसकी शक्ति अधिक है। अपनी श्रेष्ठता सिद्ध करने के लिए दोनों कुंतल नरेश के दरबार पहुंचे। शनि देव ब्राह्मण और देवी लक्ष्मी ब्राह्मणी का रूप धारण कर वहां रहने लगे। कथा के अनुसार, शनि देव ने कुंतल नरेश के परिवार को संकटों में डाल दिया, जबकि मां लक्ष्मी की कृपा से उनके पुत्र चंद्रहास सुरक्षित रहे। अंततः भक्त चंद्रहास के माध्यम से देवी लक्ष्मी की विजय हुई और शनि देव ने अपनी पराजय स्वीकार करते हुए मां लक्ष्मी की जय-जयकार की। इस दृश्य के दौरान पूरा पंडाल तालियों और जयकारों से गूंज उठा। श्रद्धालुओं ने कलाकारों के शानदार अभिनय और लीला के मंचन की खूब सराहना की।
