मुंब्रा में मिठाई खाने से एक की मौत, नवी मुंबई में फर्जी FDA अधिकारी बनकर लाखों की वसूली

‘अफलातून’ मिठाई के नमूने जांच के लिए भेजे गए, सागर स्वीट्स अस्थायी रूप से बंद, दूसरी घटना में पानटपरी संचालकों को धमकाकर 2.66 लाख रुपये ऐंठने वाले छह आरोपी गिरफ्तार

ठाणे। मुंब्रा रेलवे स्टेशन के पास स्थित ‘सागर स्वीट्स’ से खरीदी गई ‘अफलातून’ मिठाई खाने के बाद पांच लोगों की तबीयत बिगड़ने और उनमें से 35 वर्षीय जुबेर अंसारी की इलाज के दौरान मौत होने की घटना के बाद खाद्य एवं औषधि प्रशासन (FDA) और पुलिस ने कार्रवाई तेज कर दी है। वहीं, दूसरी ओर नवी मुंबई में खुद को FDA अधिकारी बताकर पानटपरी संचालकों से लाखों रुपये वसूलने वाली एक फर्जी गिरोह का एपीएमसी पुलिस ने पर्दाफाश किया है। दोनों घटनाओं ने खाद्य सुरक्षा और FDA के नाम पर हो रही कथित ठगी को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। मुंब्रा की घटना में मृतक के भाइयों सुहेल अंसारी और सलमान अंसारी सहित परिवार के सदस्यों ने आरोप लगाया कि मिठाई खाने के कुछ ही देर बाद पांचों लोगों की तबीयत बिगड़ गई। उपचार के बाद चार लोग स्वस्थ हो गए, लेकिन जुबेर अंसारी की जान नहीं बच सकी। परिवार ने दुकान संचालकों पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए सख्त कार्रवाई की मांग की है।
FDA ने दुकान बंद कर मिठाई के नमूने जांच के लिए भेजे
मामले की गंभीरता को देखते हुए FDA अधिकारी प्रियंका व्हिसे के नेतृत्व में मुंब्रा पुलिस और FDA की संयुक्त टीम ने सागर स्वीट्स का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने दुकान को अस्थायी रूप से बंद करने का आदेश दिया और ‘अफलातून’ मिठाई के नमूने लेकर प्रयोगशाला में जांच के लिए भेजे। अधिकारियों के मुताबिक, मिठाई खाने और जुबेर अंसारी की मौत के बीच सीधा संबंध अभी साबित नहीं हुआ है। इसके लिए प्रयोगशाला की जांच रिपोर्ट और पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है। दोनों रिपोर्ट सामने आने के बाद ही आगे की कानूनी कार्रवाई तय होगी।
फर्जी FDA अधिकारी बनकर पानटपरी संचालकों से वसूले लाखों रुपये

दूसरी घटना में नवी मुंबई की है जहां खुद को खाद्य एवं औषधि प्रशासन (FDA) का अधिकारी बताकर पानटपरी संचालकों को कार्रवाई और मामला दर्ज करने की धमकी देकर लाखों रुपये वसूलने वाली चार लोगों की टोली का एपीएमसी पुलिस ने पर्दाफाश किया है। इस मामले में प्रशांत शिंदे सहित छह आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने आरोपियों के पास से 2 लाख 66 हजार रुपये और टोयोटा इनोव्हा क्रिस्टा कार जब्त की है। विशेष बात यह है कि कार पर महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (मनसे) का झंडा लगा हुआ था। आरोपियों के पास ‘फूड एंड ड्रग्स कंज्यूमर वेलफेयर कमेटी’ के फर्जी पहचान पत्र भी मिले हैं। पुलिस के अनुसार, आरोपी गुटखा बेचने वाले पानटपरी संचालकों की जानकारी जुटाते थे और FDA अधिकारी बनकर उनके यहां छापेमारी तथा मामला दर्ज करने की धमकी देकर पैसे ऐंठते थे। इसी गिरोह ने 4 नवंबर को कोपरी के पानटपरी संचालक अभिलाष पांडे को निशाना बनाया। चार आरोपियों ने FDA अधिकारी होने का दावा करते हुए उनके घर की तलाशी ली। इसके बाद उन्हें इनोव्हा कार में बैठाकर कोपरी और कोपरखैरणे इलाके में घुमाया गया। इस दौरान उनके साथ मारपीट की गई और मोबाइल से ऑनलाइन 1 लाख 86 हजार रुपये ट्रांसफर करा लिए गए। वहीं, एक आरोपी ने उनके घर जाकर पत्नी से 80 हजार रुपये ले लिए। इस तरह कुल 2 लाख 66 हजार रुपये वसूले गए। इस मामले में पुलिस ने प्रशांत शिंदे, सत्येंद्र रस्तोगी, अथर्व भोसले, प्रथमेश गायकर, अंकुश पवार और उमेश कोडग को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, आरोपियों में रिक्शा चालक, टैटू आर्टिस्ट, पेट्रोल पंप कर्मचारी, कॉल सेंटर कर्मचारी और बस चालक शामिल हैं। पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *