ग्रीन गैस बिल अपडेट के नाम पर साइबर ठगों ने चार महीने में उड़ाए 55 लाख, 75 हजार उपभोक्ता निशाने पर
झारखंड, असम, पश्चिम बंगाल और केरल से संचालित हो रहा ठगी का नेटवर्क, पुलिस की जांच में 60 बैंक खाते और 12 मोबाइल नंबर चिह्नित

आगरा, उत्तर प्रदेश। ग्रीन गैस कंपनी का बिल अपडेट करने और बकाया भुगतान के नाम पर साइबर अपराधियों ने आगरा में चार महीने के भीतर उपभोक्ताओं से 55 लाख रुपये से अधिक की ठगी कर ली। साइबर ठग उपभोक्ताओं को फोन कर बिल अपडेट करने के लिए व्हाट्सएप पर लिंक या एपीके फाइल भेजते हैं। इसे डाउनलोड करते ही मोबाइल की संवेदनशील जानकारी अपराधियों के हाथ लग जाती है और बैंक खातों से रकम निकाल ली जाती है। साइबर थाना पुलिस की जांच में सामने आया है कि ग्रीन गैस कंपनी के 75 हजार से अधिक उपभोक्ता साइबर अपराधियों के निशाने पर हैं। जांच में कंपनी का डाटा चोरी होने की बात भी सामने आई है। ठगी के इस नेटवर्क के तार झारखंड, असम, पश्चिम बंगाल और केरल से जुड़े मिले हैं।
60 बैंक खाते और 12 मोबाइल नंबर पुलिस के रडार पर
साइबर थाना पुलिस ने ठगी की रकम जमा करने के लिए इस्तेमाल किए गए 60 बैंक खातों और 12 मोबाइल नंबरों को चिह्नित किया है। जांच में पता चला कि साइबर अपराधियों ने मजदूरों और कम पढ़े-लिखे लोगों को कुछ रकम देकर उनके बैंक खाते किराये पर लिए थे। जब पुलिस संबंधित खाताधारकों तक पहुंची तो कई लोगों को ठगी के बारे में कोई जानकारी नहीं थी। पुलिस अब उन लोगों की तलाश कर रही है, जिन्होंने ये खाते खुलवाए या किराये पर लिए थे। ठगी की रकम जिन खातों में भेजी गई, वे पश्चिम बंगाल, असम, झारखंड और केरल से संबंधित पाए गए हैं। अधिकांश पीड़ितों को जिन 12 मोबाइल नंबरों से कॉल की गई, वे पश्चिम बंगाल के उत्तर और दक्षिण 24 परगना क्षेत्र से जुड़े बताए गए हैं। आगरा में इस तरह की ठगी के 15 से अधिक मामले दर्ज हो चुके हैं, लेकिन अब तक किसी आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हो सकी है।
फर्जी एपीके फाइल से मोबाइल का एक्सेस लेते हैं अपराधी
साइबर अपराधी उपभोक्ताओं के मोबाइल तक अनधिकृत पहुंच हासिल करने के लिए एपीके फाइल का इस्तेमाल कर रहे हैं। जांच में ऐसी फाइल तैयार करने के लिए इस्तेमाल की जाने वाली एक वेबसाइट को भी चिह्नित किया गया है। ठग कभी ग्रीन गैस कंपनी का बिल अपडेट करने, कभी आरटीओ चालान भरने तो कभी शादी का निमंत्रण पत्र देखने के नाम पर फाइल भेजते हैं। फाइल इंस्टॉल करने और आवश्यक अनुमतियां देने पर मोबाइल की संवेदनशील जानकारी अपराधियों तक पहुंच सकती है। इसके बाद बैंकिंग और ई-वॉलेट से जुड़ी जानकारी का दुरुपयोग कर रकम निकाल ली जाती है। डीसीपी साइबर क्राइम आदित्य सिंह ने बताया कि साइबर अपराधी व्हाट्सएप पर एपीके फाइल भेजकर लोगों को अपने जाल में फंसा रहे हैं। मोबाइल तक पहुंच हासिल करने के बाद बैंकिंग और ई-वॉलेट संबंधी जानकारी का दुरुपयोग कर ठगी की जाती है। ग्रीन गैस सहित अन्य कंपनियों के नाम पर ठगी करने वाले अपराधियों को चिह्नित किया जा रहा है। उनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें लगाई गई हैं।
किसी से 1.32 लाख तो किसी से करीब आठ लाख की ठगी
अंजनीपुरम, मारुति स्टेट रोड निवासी सत्यवीर सिंह चाहर को ग्रीन गैस का बिल अपडेट करने के नाम पर एपीके फाइल भेजी गई। इसके बाद उनके बैंक खातों से 1.32 लाख रुपये निकाल लिए गए। इसी तरह अरविंदपुरम, सिकंदरा निवासी 64 वर्षीय राधा मोहन को गैस बिल में महज 13 रुपये बकाया होने की बात कहकर एपीके फाइल भेजी गई। साइबर ठगों ने डेबिट कार्ड और बैंक संबंधी जानकारी हासिल कर उनके दो खातों से 5,96,636 रुपये निकाल लिए। पुष्पांजलि बाग, दयालबाग निवासी गिरीश शर्मा को 130 रुपये का गैस बिल बकाया बताकर भुगतान का लिंक भेजा गया। लिंक खोलने के बाद उनके खाते से 2.98 लाख रुपये निकाल लिए गए। पुरानी मंडी, ताजगंज निवासी अजय कुमार गुप्ता को ग्रीन गैस का सीआरएन नंबर देखने के नाम पर व्हाट्सएप से एपीके फाइल भेजी गई। इसे डाउनलोड करने के बाद उनके बैंक खाते से 6,14,458 रुपये निकल गए। पुष्पनगर, शाहगंज निवासी प्रभाकर को ग्रीन गैस कंपनी का मीटर अपडेट करने के नाम पर एपीके फाइल भेजी गई। फाइल डाउनलोड करने के बाद उनके खाते से 5,37,781 रुपये निकाल लिए गए। वहीं, अवधपुरी सरस्वती नगर फेज-दो निवासी अमन लालवानी के परिवार को ग्रीन गैस पाइपलाइन के काम के नाम पर फोन किया गया। एपीके फाइल डाउनलोड कराने के बाद उनके पिता के बैंक खाते से चार ट्रांजेक्शन में 7,99,544 रुपये निकाल लिए गए। लगातार सामने आ रही इन घटनाओं ने पाइपलाइन गैस उपभोक्ताओं की डिजिटल सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। साइबर पुलिस ने लोगों से अपील की है कि गैस बिल, मीटर अपडेट या बकाया भुगतान के नाम पर व्हाट्सएप से भेजी गई किसी भी अनजान एपीके फाइल को डाउनलोड या इंस्टॉल न करें। बिल संबंधी जानकारी केवल कंपनी के आधिकारिक माध्यमों से सत्यापित करें। ठगी होने पर तत्काल साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 या राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराएं।
