मंचों पर बिरसा मुंडा का गुणगान, जमीन पर आदिवासी समाज आज भी परेशान!

इंद्र यादव
मुंबई।
15 नवंबर केवल एक जयंती नहीं, बल्कि देश के इतिहास में संघर्ष, स्वाभिमान, साहस और बलिदान की याद दिलाने वाला महत्वपूर्ण दिन है। आज पूरा देश धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा की जयंती को ‘जनजातीय गौरव दिवस’ के रूप में मना रहा है। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने भी बिरसा मुंडा को नमन करते हुए देशवासियों को शुभकामनाएं दी हैं। भगवान बिरसा मुंडा का जीवन हमें बताता है कि जब किसी समाज के अधिकारों, जमीन, जंगल, संस्कृति और सम्मान पर हमला होता है, तो चुप रहना समाधान नहीं होता। उन्होंने अंग्रेजी हुकूमत के अन्याय के खिलाफ आवाज उठाई और जनजातीय समाज को एकजुट करके उलगुलान आंदोलन का बिगुल फूंका। उनका संघर्ष केवल अंग्रेजों के खिलाफ नहीं था, बल्कि अपनी पहचान, जमीन, संस्कृति और सम्मान बचाने की लड़ाई भी था। लेकिन आज सबसे बड़ा सवाल यह है कि बिरसा मुंडा की जयंती पर उन्हें फूल चढ़ाने और बड़े-बड़े भाषण देने से क्या जनजातीय समाज की समस्याएं खत्म हो जाएंगी? क्या देश के आदिवासी परिवारों को उनकी जमीन का पूरा अधिकार मिल गया है? क्या जंगलों में रहने वाले लोगों को सम्मान के साथ शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार और बुनियादी सुविधाएं मिल रही हैं?
अगर आज भी कई आदिवासी परिवार गरीबी, बेरोजगारी, अशिक्षा और विस्थापन की समस्याओं से जूझ रहे हैं, तो उनके संघर्ष पर गंभीरता से विचार करना जरूरी है। जनजातीय समाज को केवल चुनावी भाषणों, सरकारी कार्यक्रमों और जयंती समारोहों तक सीमित नहीं रखा जा सकता। गृह मंत्री अमित शाह सहित देश के तमाम नेताओं को बिरसा मुंडा के विचारों को केवल मंच से दोहराने के बजाय उन्हें सरकारी नीतियों और जमीनी काम में उतारने पर ध्यान देना चाहिए। आदिवासी समाज को उसका संवैधानिक अधिकार, सम्मान और विकास के समान अवसर मिलना चाहिए। यह भी याद रखना होगा कि बिरसा मुंडा का संघर्ष किसी एक जाति या समुदाय तक सीमित नहीं था। उनका संदेश अन्याय के खिलाफ खड़े होने, अपने अधिकारों की रक्षा करने और समाज को एकजुट रखने का था। असली श्रद्धांजलि यही होगी कि देश का कोई आदिवासी बच्चा शिक्षा से वंचित न रहे, किसी परिवार को अपनी जमीन और पहचान बचाने के लिए संघर्ष न करना पड़े और विकास के नाम पर किसी की संस्कृति तथा अधिकारों की अनदेखी न हो। बिरसा मुंडा को नमन करना अच्छी बात है, लेकिन उनके सपनों का भारत बनाना उससे भी बड़ी जिम्मेदारी है। जयंती के मंचों से उठने वाली आवाज जब गांवों, जंगलों और आदिवासी बस्तियों तक वास्तविक बदलाव बनकर पहुंचेगी, तभी जनजातीय गौरव दिवस का उद्देश्य पूरा होगा।धरती आबा बिरसा मुंडा अमर रहें!

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *