अजित पवार के निधन के बाद NCP विलय का मुद्दा खत्म : सुप्रिया सुले
बोलीं- तय हुई थी तारीख, लेकिन अब दूसरी ओर से कोई संपर्क नहीं, NDA में शामिल होने की अटकलों को भी किया खारिज

पुणे। राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरदचंद्र पवार) की नेता और बारामती की सांसद सुप्रिया सुले ने राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी के दोनों गुटों के विलय की चर्चाओं पर विराम लगाते हुए कहा है कि अजित पवार के निधन के बाद उनके और उनकी पार्टी के लिए विलय का मुद्दा पूरी तरह खत्म हो चुका है। उन्होंने स्पष्ट किया कि इस संबंध में दूसरे गुट की ओर से उन्हें कोई फोन, व्हाट्सऐप संदेश, एसएमएस, पत्र या ईमेल नहीं मिला है। सुले ने अपनी पार्टी के भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेतृत्व वाले राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) में शामिल होने की अटकलों को भी खारिज किया।
अजित पवार के जीवित रहते चल रही थी बातचीत
सुप्रिया सुले ने कहा कि जब उनके भाई और तत्कालीन राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी प्रमुख अजित पवार जीवित थे, तब दोनों गुटों के विलय को लेकर बातचीत चल रही थी और इसके लिए एक तारीख भी तय हो गई थी। लेकिन अजित पवार के निधन के दिन ही उनके और उनकी पार्टी के लिए यह मुद्दा समाप्त हो गया। उन्होंने कहा कि उनकी ओर से पिछले कई महीनों में किसी प्रवक्ता ने विलय के मुद्दे पर कोई बयान नहीं दिया और न ही दूसरे गुट की ओर से आए किसी बयान का जवाब दिया गया। सुले के मुताबिक, इस संबंध में उनसे किसी ने संपर्क नहीं किया और न ही कोई मुलाकात हुई।
NDA में शामिल होने की चर्चा भी खारिज
एनडीए में शामिल होने की अटकलों पर सुले ने कहा कि इस विषय पर कभी कोई बातचीत शुरू ही नहीं हुई। इसलिए इसके खत्म होने का सवाल भी नहीं उठता। उनका यह बयान ऐसे समय आया है, जब शरद पवार के नेतृत्व वाली एनसीपी (एसपी) और अजित पवार के नेतृत्व वाली एनसीपी के फिर से एक होने को लेकर राजनीतिक चर्चाएं तेज हैं।
बैठकों के बाद बढ़ी विलय की अटकलें
हाल के दिनों में दोनों गुटों के वरिष्ठ नेताओं के बीच कई मुलाकातें हुई हैं। इनमें एनसीपी के वरिष्ठ कार्यकारी अध्यक्ष प्रफुल्ल पटेल और एनसीपी (एसपी) प्रमुख शरद पवार की मुलाकात भी शामिल है। इन बैठकों के बाद दोनों दलों के एक साथ आने की अटकलें तेज हो गईं। एनसीपी सांसद सुनील तटकरे ने इस मुलाकात के पीछे किसी राजनीतिक उद्देश्य से इनकार करते हुए इसे निजी मुलाकात बताया। वहीं, उपमुख्यमंत्री और एनसीपी की राष्ट्रीय अध्यक्ष सुनेत्रा पवार ने शनिवार को मुख्यमंत्री एवं भाजपा नेता देवेंद्र फडणवीस से मुलाकात की। एनसीपी के वरिष्ठ नेताओं की केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से मुलाकात के बाद भी विलय की चर्चाओं को हवा मिली थी। 15 नवंबर को अमित शाह के पुणे दौरे से पहले इन अटकलों ने और जोर पकड़ लिया।
संजय राउत की NCP (SP) को सलाह
इस राजनीतिक घटनाक्रम के बीच शिवसेना (यूबीटी) नेता संजय राउत ने एनसीपी (एसपी) को सलाह दी कि वह मंत्री पद पाने के लिए विलय की प्रक्रिया में जल्दबाजी न करे। राउत ने कहा कि शरद पवार की पार्टी में कुछ लोग मंत्री पद पाने के इच्छुक हो सकते हैं, लेकिन इसके लिए शरद पवार को उन सिद्धांतों से समझौता नहीं करना चाहिए, जिनका उन्होंने जीवनभर पालन किया है। उन्होंने भाजपा के साथ जाने वाले गुट से बातचीत को लेकर भी सवाल उठाए और कहा कि ऐसी राजनीतिक पहल एनसीपी (एसपी) के लिए उचित नहीं होगी।
गौरतलब है कि 28 जनवरी को पुणे के बारामती हवाई अड्डे पर हुए विमान हादसे में महाराष्ट्र के पूर्व उपमुख्यमंत्री अजित पवार का निधन हो गया था। उनके निधन के बाद दोनों राष्ट्रवादी कांग्रेस गुटों के भविष्य और संभावित राजनीतिक समीकरणों को लेकर चर्चाएं जारी हैं।
