फैमिली रेस्टोरेंट की आड़ में चल रहा था अवैध हुक्का पार्लर
खड़कपाड़ा के ‘सीजिंग दरबार’ में कार्रवाई, चार संचालकों और 12 ग्राहकों समेत 16 लोगों पर मामला दर्ज, 36 हजार रुपये नकद और हुक्का सामग्री जब्त

कल्याण। अवैध हुक्का पार्लरों के खिलाफ विशेष अभियान के तहत डोंबिवली की मानपाड़ा पुलिस ने कल्याण के खड़कपाड़ा इलाके में छापेमारी कर कथित रूप से फैमिली रेस्टोरेंट की आड़ में चल रहे हुक्का पार्लर का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने इस मामले में चार संचालकों और 12 ग्राहकों सहित कुल 16 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है।
गुप्त सूचना के बाद पुलिस ने मारा छापा
यह कार्रवाई खड़कपाड़ा पुलिस स्टेशन के अधिकार क्षेत्र में आने वाले ‘सीजिंग दरबार’ (Seazing Darbar) नामक फैमिली रेस्टोरेंट में की गई। पुलिस के अनुसार, रेस्टोरेंट की आड़ में कथित तौर पर अवैध हुक्का पार्लर संचालित किया जा रहा था, जहां युवक-युवतियां हुक्का पी रहे थे। पुख्ता सूचना मिलने के बाद मानपाड़ा पुलिस की टीम ने पहले मौके की रेकी कर जानकारी की पुष्टि की और फिर अचानक छापा मारा। अचानक हुई कार्रवाई से रेस्टोरेंट में अफरा-तफरी मच गई। पुलिस ने मौके से चार संचालकों और 12 ग्राहकों को हिरासत में लिया।
36 हजार रुपये नकद और हुक्का सामग्री जब्त
तलाशी के दौरान पुलिस ने 36 हजार रुपये नकद, हुक्का पॉट और ग्राहकों को परोसे जाने वाले हुक्के के विभिन्न फ्लेवर जब्त किए। सभी 16 आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि कथित अवैध कारोबार कब से चल रहा था और इसमें अन्य कौन-कौन लोग शामिल हैं।
स्थानीय पुलिस की निगरानी पर उठे सवाल
इस कार्रवाई ने स्थानीय पुलिस की निगरानी व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। जिस रेस्टोरेंट पर छापा मारा गया, वह खड़कपाड़ा पुलिस स्टेशन के क्षेत्राधिकार में आता है, जबकि कार्रवाई डोंबिवली की मानपाड़ा पुलिस ने की। ऐसे में सवाल उठ रहा है कि स्थानीय पुलिस को जानकारी मिले बिना कथित अवैध हुक्का पार्लर इतने समय तक कैसे संचालित होता रहा।
