11 साल से बंद सहकारी कारखाने के पुनर्निर्माण की शुरुआत, केंद्र देगा 1,500 करोड़ रुपये
तलेगांव-दाभाड़े में नेशनल हेवी इंजीनियरिंग को-ऑपरेटिव लिमिटेड परियोजना का अमित शाह ने किया भूमिपूजन, हजारों रोजगार और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मिलेगी गति

पुणे। पुणे जिले के तलेगांव-दाभाड़े स्थित नेशनल हेवी इंजीनियरिंग को-ऑपरेटिव लिमिटेड के पुनर्निर्माण प्रकल्प का भूमिपूजन केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह के हाथों संपन्न हुआ। यह कारखाना पिछले 11 वर्षों से बंद था। इसके पुनर्निर्माण के लिए केंद्र सरकार की ओर से 1,500 करोड़ रुपये की सहायता उपलब्ध कराई जाएगी। इस परियोजना से हजारों रोजगार के अवसर पैदा होने और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को नई गति मिलने की उम्मीद जताई गई है। इस अवसर पर स्थानीय नागरिकों से संवाद भी किया गया।
110 एकड़ में तैयार होंगी स्वदेशी औद्योगिक मशीनें
करीब 110 एकड़ क्षेत्र में विकसित होने वाली इस परियोजना को आत्मनिर्भर भारत और विकसित भारत 2047 के लक्ष्य से जोड़कर देखा जा रहा है। यहां चीनी उद्योग, डेयरी, इथेनॉल, बायोगैस और जैव आधारित उद्योगों के लिए आवश्यक मशीनरी का निर्माण किया जाएगा। इस कार्य में राष्ट्रीय डेयरी विकास बोर्ड का भी सहयोग मिलेगा। परियोजना से स्वदेशी उत्पादन, कुशल मानव संसाधन और ग्रामीण उद्योगों को प्रोत्साहन मिलने की उम्मीद है। कार्यक्रम में यह विचार भी व्यक्त किया गया कि पूर्व में भ्रष्टाचार के कारण बंद हुई सहकारी संस्थाओं को दोबारा शुरू करना समय की जरूरत है।
‘भारत टैक्सी’ से चालक बनेंगे मालिक
इस अवसर पर ‘भारत टैक्सी’ सहकारी पहल की पुणे में सेवा का भी उद्घाटन किया गया। इस उपक्रम के माध्यम से स्थानीय टैक्सी और ऑटो रिक्शा चालकों को मालिक बनाने का लक्ष्य रखा गया है। दावा किया गया कि मध्यस्थों और कमीशन की व्यवस्था के बिना चालकों को उनकी मेहनत का पूरा मोबदला सीधे मिल सकेगा। ‘सारथी दीदी’ जैसे उपक्रमों के जरिए महिलाओं को भी टैक्सी व्यवसाय में अवसर उपलब्ध कराने पर जोर दिया गया, ताकि वे आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बन सकें।
कई केंद्रीय और राज्यस्तरीय नेता रहे उपस्थित
कार्यक्रम में केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह, केंद्रीय सहकारिता राज्यमंत्री कृष्णपाल गुर्जर, उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे, उपमुख्यमंत्री सुनेत्रा पवार, केंद्रीय राज्यमंत्री मुरलीधर मोहोल, मंत्री चंद्रकांतदादा पाटील, सहकारिता मंत्री बाबासाहेब पाटील, भाजपा प्रदेशाध्यक्ष रवींद्र चव्हाण, माधुरी मिसाळ, आशिष कुमार, पंकजकुमार बन्सल सहित सांसद, विधायक और अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।
