ठाणे और कल्याण स्टेशनों पर शौचालय सुविधाओं का कायाकल्प, डी मार्ट फाउंडेशन से 5 साल का करार

मुंबई। मध्य रेलवे ने यात्रियों, विशेषकर महिला यात्रियों को स्वच्छ, स्वास्थ्यकर और सुविधाजनक सेवाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से ठाणे और कल्याण रेलवे स्टेशनों पर शौचालय सुविधाओं का उन्नयन किया है। इसके लिए मध्य रेलवे के मुंबई मंडल और डी मार्ट फाउंडेशन के बीच कॉर्पोरेट सामाजिक दायित्व (सीएसआर) के तहत पांच वर्ष का समझौता किया गया है। इस करार के अंतर्गत दोनों स्टेशनों के शौचालय ब्लॉकों का उन्नयन और नियमित रखरखाव किया जाएगा। ठाणे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर 2 के कल्याण छोर पर उन्नत महिला शौचालय और पुरुष मूत्रालय की सुविधा 5 नवंबर 2026 से यात्रियों के लिए शुरू कर दी गई है। महिला शौचालय ब्लॉक में चार इकाइयां हैं, जिनमें तीन भारतीय शैली और एक पश्चिमी शैली का शौचालय शामिल है। दिव्यांग यात्रियों के लिए भी विशेष सुविधा उपलब्ध कराई गई है। पुरुषों के ब्लॉक में 11 मूत्रालय और तीन भारतीय शैली के शौचालय बनाए गए हैं। दुर्गंध रोकने के लिए प्रभावी एग्जॉस्ट सिस्टम लगाया गया है। इन सुविधाओं की सफाई और रखरखाव के लिए छह कर्मचारी चौबीसों घंटे तैनात रहेंगे। ठाणे स्टेशन पर पहले से 40 मूत्रालय, 10 शौचालय, 17 वॉश बेसिन, दिव्यांगजनों के लिए दो सुविधाएं और 14 महिला शौचालय उपलब्ध हैं। नए उन्नत शौचालयों का उपयोग यात्री बिना किसी अतिरिक्त शुल्क के कर सकेंगे। इसी तरह कल्याण स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर 2/3 (कसारा छोर) और 6/7 (कर्जत छोर) पर स्थित दो शौचालय ब्लॉकों का उन्नयन कर उन्हें 28 अगस्त 2026 को यात्रियों के लिए खोल दिया गया था। यहां महिला शौचालयों में दिव्यांगजनों के लिए विशेष सुविधा सहित कुल नौ इकाइयां हैं, जबकि पुरुषों के ब्लॉक में नौ मूत्रालय और चार भारतीय शैली के शौचालय उपलब्ध हैं। इन सुविधाओं की सफाई और रखरखाव के लिए 19 कर्मचारी चौबीसों घंटे तैनात किए गए हैं। मुंबई मंडल का एनएसजी-1 श्रेणी का स्टेशन कल्याण सात प्लेटफॉर्मों के माध्यम से उपनगरीय और लंबी दूरी की रेल सेवाओं के यात्रियों को सुविधा प्रदान करता है। वर्तमान में यहां 52 मूत्रालय, 26 शौचालय, 21 वॉश बेसिन, दिव्यांगजनों के लिए तीन सुविधाएं और 14 महिला शौचालय उपलब्ध हैं। रेलवे के अनुसार, डी मार्ट फाउंडेशन ने दोनों स्टेशनों पर शौचालयों की निरंतर देखभाल और बेहतर रखरखाव के लिए समर्पित कर्मचारियों की व्यवस्था की है। इस पहल को यात्रियों से सकारात्मक प्रतिक्रिया मिल रही है और इससे शौचालयों की साफ-सफाई तथा रखरखाव से जुड़ी शिकायतों में कमी आने की उम्मीद है। इससे पहले भी मध्य रेलवे और डी मार्ट फाउंडेशन ने छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस (सीएसएमटी), भायखला और घाटकोपर स्टेशनों पर शौचालय ब्लॉकों के रखरखाव के लिए सहयोग किया था। मध्य रेलवे ने यात्रियों से अपील की है कि वे इन उन्नत सुविधाओं का उपयोग करें और अपनी प्रतिक्रिया साझा करें, ताकि अन्य स्टेशनों पर भी यात्री सुविधाओं को बेहतर बनाया जा सके।
