ऑनलाइन लूडो सट्टे के नाम पर 8.14 करोड़ की ठगी, वाराणसी में अंतरराज्यीय गिरोह का पर्दाफाश

टेलीग्राम पर ‘न्यू लूडो परिवार’ ग्रुप बनाकर देते थे रकम दोगुनी करने का लालच, तीन आरोपी गिरफ्तार, सात बैंक खाते और चार मोबाइल बरामद

वाराणसी, उत्तर प्रदेश। कमिश्नरेट वाराणसी की साइबर क्राइम सेल और थाना सारनाथ की संयुक्त टीम ने प्रतिबंधित ऑनलाइन लूडो सट्टा और बेटिंग के जरिए करोड़ों रुपये की धोखाधड़ी करने वाले अंतरराज्यीय गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनके कब्जे से चार मोबाइल फोन और सात बैंक खातों से संबंधित जानकारी बरामद की गई है। पुलिस के मुताबिक, गिरोह ने देश के नौ राज्यों के लोगों को निशाना बनाकर कुल 8,14,63,918.94 रुपये की धोखाधड़ी की। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सारनाथ के अकथा स्थित शिव विहार कॉलोनी निवासी सागर सेठ, मंगल कुमार और सुदीप कश्यप के रूप में हुई है। एसीपी साइबर अपूर्व पांडेय ने बताया कि गिरोह के खिलाफ उत्तर प्रदेश, हरियाणा, पंजाब, बिहार, केरल, महाराष्ट्र, तमिलनाडु, राजस्थान और गुजरात से कुल 19 शिकायतें दर्ज पाई गई हैं। आरोपियों के सात बैंक खातों में मौजूद 1,46,828.98 रुपये की शेष राशि को फ्रीज/होल्ड कराने की कार्रवाई की जा रही है। पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी टेलीग्राम एप पर ‘न्यू लूडो परिवार’ नाम से ग्रुप बनाकर लोगों को जोड़ते थे। इसके बाद कम समय में पैसा दोगुना करने का लालच देकर उन्हें प्रतिबंधित ऑनलाइन लूडो गेम में रकम लगाने के लिए प्रेरित करते थे। खिलाड़ियों से यूपीआई के माध्यम से सीधे आरोपियों के बैंक खातों में पैसे मंगवाए जाते थे। गिरोह के सदस्य इसमें से अवैध कमीशन काटकर बाकी रकम कुछ खिलाड़ियों को वापस कर देते थे, जिससे लोगों को मुनाफा होने का भरोसा हो जाता था। इसी तरीके से वे नए लोगों को जाल में फंसाकर बड़े पैमाने पर रकम जुटाते थे। पुलिस गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर गिरोह के नेटवर्क और अन्य संभावित सदस्यों के बारे में जानकारी जुटा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *