पायल झांबरे आत्महत्या मामले में पति और सास-ससुर न्यायिक हिरासत में, ननद फरार

पुलिस हिरासत की अवधि समाप्त होने पर तीनों आरोपियों को येरवडा जेल भेजा गया, 35 तोला सोना-चांदी के आभूषण और मोबाइल जब्त, 15 तोला सोना बरामद करना बाकी

पुणे। पायल झांबरे आत्महत्या मामले में न्यायालय ने उनके पति सहित सास और ससुर को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। तीनों आरोपियों की पुलिस हिरासत की अवधि समाप्त होने के बाद अदालत ने उनकी पुलिस हिरासत का अधिकार सुरक्षित रखते हुए उन्हें येरवडा जेल भेजने का आदेश दिया। न्यायिक हिरासत में भेजे गए आरोपियों में पति अक्षय अरविंद झांबरे (35), सास मंगल अरविंद झांबरे (58) और ससुर अरविंद वसंतराव झांबरे (65) शामिल हैं। वहीं, आरोपी ननद अक्षता अरविंद झांबरे-निम्हण (30) अभी फरार है। उसने गिरफ्तारी से बचने के लिए अदालत में अग्रिम जमानत याचिका दाखिल की है। पुलिस उसकी तलाश कर रही है। इस मामले में पायल के भाई ऋषिकेश पवार ने स्वारगेट पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराई है। शिकायत के अनुसार, यह मामला 13 मार्च 2019 से 1 नवंबर 2026 के बीच का है। वर्ष 2019 में अक्षय और पायल की शादी हुई थी। आरोप है कि शादी के बाद से ही पायल को मायके से पैसे और सोना लाने के लिए शारीरिक और मानसिक रूप से प्रताड़ित किया जाता था तथा इसी प्रताड़ना के चलते उसे आत्महत्या के लिए मजबूर किया गया। जांच के दौरान स्वारगेट पुलिस ने झांबरे परिवार के घर से 35 तोला सोने-चांदी के आभूषण, आरोपी अक्षय, मंगल और अरविंद के मोबाइल फोन तथा सीसीटीवी फुटेज जब्त किए हैं। पुलिस को अभी 15 तोला सोने के आभूषण और बरामद करने हैं। फरार ननद अक्षता की अग्रिम जमानत याचिका पर कानूनी प्रक्रिया जारी है और पुलिस उसकी तलाश में जुटी हुई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *